फोटो 19 गोशाला के बाहर चस्पा किया गया नोटिस। संवाद
मंडी अटेली। गोवंश में लंपी के बढ़ते मामलों को देखते हुए श्रीकृष्ण बाल गोपाल गोशाला में बाहर से आने वाले गोवंश के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। गोशाला प्रबंधन ने यह फैसला पशुओं को संक्रमण से बचाने के लिए लिया है।
गोशाला के मैनेजर बलबीर सिंह ने बताया कि फिलहाल गोशाला में सभी गोवंश सुरक्षित हैं। पशु चिकित्सा विभाग की ओर से गोवंश का वैक्सीनेशन कराया जा चुका है। उन्होंने बताया कि बीमारी के प्रकोप को देखते हुए गांवों में सरपंचों के माध्यम से मुनादी भी कराई गई है। लोगों को स्पष्ट रूप से बताया गया है कि स्थिति सामान्य होने तक किसी भी बाहरी गोवंश को गोशाला में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
गोशाला में मौजूद सभी पशुओं को बीमारी से बचाने के लिए वैक्सीन दी गई है। इसके साथ ही चिकित्सकों की टीम रोजाना गोशाला और पशुपालकों के पशुओं की जांच कर रही है।
लक्षण दिखें तो तुरंत करें अलग
पशु अस्पताल कांटी के डॉ. दलीप सिंह ने पशुपालकों से अपील की कि किसी पशु में लंपी के लक्षण दिखाई दें तो उसे तुरंत अन्य पशुओं से अलग कर दें। साथ ही पशु चिकित्सा विभाग को सूचना दें, ताकि समय पर जांच और उपचार किया जा सके। उन्होंने पशुपालकों से साफ-सफाई और सावधानी बरतने का भी आग्रह किया।