मंडी अटेली। राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल अटेली में विकल्प फाउंडेशन के अंतर्गत मिशन बुनियाद व सुपर 100 के लिए एक जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि खंड विकास व पंचायत अधिकारी नवदीप रहे। विशिष्ट अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी संतोष चौहान शामिल हुए।
अध्यक्षता स्कूल प्राचार्य राकेश कुमार ने की। व्हीकल फाउंडेशन से अश्विनी यादव ने बताया कि बुनियाद कार्यक्रम के अंतर्गत बच्चों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करवाई जाती है। इसके लिए प्रदेश में 103 बुनियाद केंद्र बनाए गए हैं। इसके अलावा 206 सेटेलाइट कक्षा चली हुई है। इसी प्रकार सुपर 100 के कार्यक्रम के उद्देश्यों के बारे में विस्तार से बताते हुए कहा कि मिशन बुनियाद की नामांकन की अंतिम तिथि 20 दिसंबर और सुपर 100 के नामांकन की 28 जनवरी है। यह परीक्षा तीन चरणों में करवाई जाएगी।
इस मौके पर मुख्य अतिथि खंड विकास व पंचायत अधिकारी नवदीप ने बुनियादी शिक्षा पर बल देते हुए स्कीम के अंतर्गत निशुल्क कोचिंग की व्यवस्था को सरकार का सराहनीय कदम बताया। इस मौके पर अश्वनी यादव, धीरज शर्मा, भागेंद्र कुमार, मंजू यादव, कुलदीप, विकास कुमार, प्रीति यादव, अरविंद शर्मा, रामगोपाल यादव, विजय पाल के अलावा समस्त स्टाफ उपस्थित था।