फोटो संख्या:61- सिनेमा रोड पर सड़क के दोनों तरफ खड़े वाहन--संवाद
महेंद्रगढ़। शहर के बाजार में एक बार फिर अतिक्रमण की समस्या बढ़ने लगी है। सबसे अधिक परेशानी सिनेमा रोड पर दिखाई दे रही है। सड़क के दोनों ओर दुकानदारों की ओर से सामान बाहर रखने और वाहनों के बेतरतीब खड़े होने से सड़क की चौड़ाई कम हो गई है। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी हो रही है।
सिनेमा रोड शहर के प्रमुख बाजारों में शामिल है। यहां दिनभर लोगों की आवाजाही बनी रहती है। सड़क पर अतिक्रमण के कारण वाहनों का दबाव बढ़ते ही जाम की स्थिति बन जाती है। कई बार जाम इतना बढ़ जाता है कि लोगों को दूसरे रास्तों का सहारा लेना पड़ता है। इससे आसपास के मार्गों पर भी यातायात का दबाव बढ़ जाता है। सिनेमा रोड पर दो बैंक भी हैं, जिसके कारण यहां वाहनों की आवाजाही अधिक रहती है।
सुभाष अग्रवाल, उत्तम, अशोक जागड़ा, राहुल यादव और दिनेश मास्टर ने बताया कि बाजार से अतिक्रमण हटाने के लिए समय-समय पर अभियान चलाए जाते हैं। अभियान के दौरान कुछ समय के लिए सड़कें खाली नजर आती हैं, लेकिन कार्रवाई के बाद स्थिति धीरे-धीरे फिर पहले जैसी हो जाती है। दुकानदार दोबारा सामान दुकानों के बाहर रखना शुरू कर देते हैं और वाहन चालक भी सड़क किनारे वाहन खड़े कर देते हैं।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि बाजार में नियमित रूप से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाए। सड़क पर सामान रखने वालों के खिलाफ कार्रवाई के साथ वाहनों को व्यवस्थित तरीके से खड़ा करवाने की व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि सिनेमा रोड पर अतिक्रमण का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि बाजार में खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को परेशानी न हो और यातायात सुचारू बना रहे।
-
वर्जन:
सीएम की रैली के बाद शहर में अतिक्रमण हटाया जाएगा। बाजार में कही भी अतिक्रमण है तो उसको भी हटाया जाएगा। अतिक्रमण नहीं हटाने पर सख्त कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
-रमेश सैनी चेयरमैन, नगरपालिका महेंद्रगढ़।