गर्मी के बढ़ते ही लोगों को बिजली संकट से भी दो चार होना पड़ रहा है। शुक्रवार को जहां गर्मी ने अपने तल्ख तेवर किए वहीं एकदम से लोड बढ़ जाने से यहां के पावर हाउस स्थित सीटी ट्रांसफार्मर में फाल्ट आकर आग लग गई। इससे पूरे शहर में ब्लैक आउट जैसी स्थिति बन गई। शुक्रवार शाम करीब 7.30 बजे ट्रांसफार्मर में फाल्ट आ जाने की वजह से शहर के अनेक मोहल्लों में पूरी रात तो कई मोहल्लों में रात से शनिवार शाम तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। शहर के अधिकांश मोहल्लों में करीब 20 घंटे बिजली गुल रही। इसके कारण गर्मी के इस मौसम में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं इस आगजनी के कारण बिजली निगम को भी लाखों रुपये का नुकसान हो गया।
शुक्रवार शाम को महेंद्रगढ़ रोड स्थित पावर हाउस में लगे सीटी (करंट ट्रांसफार्मर) की लाइन में धमाके के साथ आग लग गई। इस ट्रांसफार्मर का प्रयोग लोड कैलकुलेट करने के लिए किया जाता है। इसमें से तीन फेस लगे हुए हैं। शुक्रवार शाम को करीब साढ़े सात बजे एक फेस में फाल्ट हुआ। इसके कारण शाम को साढ़े सात बजे से पूरे शहर की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। फाल्ट होने के बाद पावर हाउस के कर्मचारियों ने दादरी और महेंद्रगढ़ फोन कर बिजली आपूर्ति को बंद करा दिया तथा वहां लगे फायर सेफ्टी यंत्र से आग पर काबू पाया। इसके बाद निगम के कर्मचारी इसकी मरम्मत को लगे, मगर यह शनिवार शाम तक ठीक नहीं हो पाया। जिसके कारण शहर के अधिकांश मोहल्लों की बिजली आपूर्ति शनिवार शाम तक बाधित रही। वहीं कई मोहल्लों की बिजली रात में ही हुड्डा व सिटी थ्री फीडर से शुरू की गई।
रेवाड़ी से बुलाई गई टीम, दिनभर की मरम्मत
बिजली निगम के जेई सुभाष रोहिल्ला ने बताया कि रात को करंट ट्रांसफार्मर में फाल्ट आ गया था। यह ट्रांसफार्मर शहर के बिजली लोड को कैलकुलेट करता है। इसमें अंदरूनी खराबी आई है। इसके लिए रेवाड़ी से लाइन मेंटेनेंस प्रोटेक्शन की टीम शनिवार सुबह करीब 11 बजे आई। इसके बाद टीम ने ट्रांसफार्मर में आए फाल्ट को ठीक करना शुरू किया।
सिटी थ्री और हुड्डा फीडर भी हुआ ठप
रात को भयंकर गर्मी के कारण जब शहर में बिजली की मांग बढ़ी तो निगम ने शहर के अधिकांश मोहल्लों की बिजली आपूर्ति सिटी थ्री व हुड्डा फीडर से जोड़ दी, मगर कुछ ही देर बाद इन फीडरों ने जवाब दे दिया तथा दोनों फीडर ठप हो गए।
दो-दो घंटे के हिसाब से दी गई बिजली
पावर हाउस में आए इस फाल्ट व दो फीडरों के बैठ जाने के बाद बिजली निगम ने शहर के लोगों को बिजली संबंधी समस्या दूर करने के लिए दो-दो घंटे के हिसाब से शहर के लगभग सभी फीडरों को दो-दो घंटे का शैड्यूल बनाकर बिजली आपूर्ति की। इसके बाद ही लोगों को कुछ राहत मिल पाई।
सिटी सिक्स फीट, अन्य को हुई परेशानी
शहर में बिजली खराबी होने के बावजूद सिटी सिक्स फीडर फीट रहा। इस फीडर से शहर के कई मोहल्लों में बिजली आपूर्ति होती है। वहीं अन्य फीडरों में बिजली आपूर्ति की हालत खस्ता रही।
इन मोहल्लों में हुई ज्यादा परेशानी
पावर हाउस में लगी आग के कारण महेंद्रगढ़ रोड, सिंघाना रोड़, मोती नगर, केशव नगर, सेक्टर एक, पुरानी सराय, रेवाड़ी रोड, जमालपुर, महावीर चौक, पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस, कर्मचारी कालोनी, बस स्टेंड, कैलाश नगर, शिवाजी नगर, पुरानी कचहरी सहित अनेक मोहल्लों के लोगों को ज्यादा परेशानी हुई।
रात को नहीं आई नींद, दिन में भी नहीं मिला चैन
पावर हाउस में आई इस खराबी के कारण के कारण लोगों को न तो रात को नींद आई और बिजली दिन में भी ठीक न होने के कारण दिन में भी चैन नहीं मिला। इसके कारण लोग परेशान रहे। उपभोक्ता मितैष कुमार, जगदीश, प्रकाश सिंह, प्रदीप कुमार, जसवंत आदि ने बताया कि पूरी रात बिजली न आने के कारण इस तेज गर्मी के मौसम में उन्हें बड़ी परेशानी हुई। वहीं दिन के समय भी लाइट ठीक नहीं हुआ। इसके कारण दिन में भी उन्हें कोई राहत नहीं मिली।
निगम को भी हुआ लाखों का नुकसान
जिस ट्रांसफार्मर में आग लगी है, वह बड़ा तथा महंगा ट्रांसफार्मर है। आग लगने के कारण ट्रांसफार्मर के साथ-साथ लाइनें भी जल गई। इससे निगम को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है, हालांकि अभी नुकसान का आंकलन नहीं किया गया है, फिर भी अधिकारियों का कहना है कि यह लाखों रुपये में हो सकता है।