महेंद्रगढ़। चौधरी रणबीर सिंह हुड्डा पार्क में शाम को घूमना चाहते हैं तो सूर्यास्त से पहले ही जाएं। इसके बाद तो आपको अंधेरे में ही घूमना पड़ेगा। जी हां हुड्डा पार्क पर बिजली निगम का चार लाख रुपये बकाया है। पिछले चार दिन से पार्क का कनेक्शन कटा हुआ है, जिससे पार्क में लाइट नहीं है। यहां सुबह-शाम 2 से 3 हजार लोग घूमने के लिए आते हैं। पिछले चार दिनों से पार्क के पेड़-पौधों व घास में पानी नहीं दिया जा रहा है, जिसके कारण वह भी सूखने के कगार पर पहुंच चुके हैं।
वहीं पालिका प्रशासन शहर के एकमात्र पार्क का बिजली कनेक्शन कटने का मामला संज्ञान में होने के बावजूद भी अभी तक कोई कदम नहीं उठा रही है। पार्क के कर्मचारियों की ओर से इस समस्या को लेकर बिजली निगम व नगर पालिका अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अभी तक कोई हल नहीं निकला।
शहर का एक मात्र चौधरी रणबीर सिंह हुड्डा पार्क 12 वर्ष पूर्व बनाया गया था। इस पार्क का उद्घाटन पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने 20 मई 2012 में किया था। पार्क को दस एकड़ भूमि में विदेशी घास एवं पौधों के साथ विकसित किया गया था। पार्क में बच्चों के लिए झूले आदि भी लगाए गए थे। हाल ही में नपा की ओर से पार्क में लाइट, झूलों, मुख्य द्वार व अन्य प्रकार के कार्य भी कराए थे, लेकिन अब बिजली कनेक्शन नहीं होने से शाम होते ही अंधेरा छा जाता है। इससे प्रतिदिन घूमने वाले दो से तीन हजार शहरवासियों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
हाल ही में यह मामला उनके संज्ञान में आया है। नपा के सचिव से बैठक कर इसके बारे में जानकारी ली जाएगी। बकाया बिजली बिल जमा करा जल्द ही पार्क का कनेक्शन शुरू कराया जाएगा।
रमेश सैनी, नगरपालिका प्रधान महेंद्रगढ़।