मंडी अटेली। अटेली बिजली पावर हाउस में उनिंदा डीएस गोकलपुर में बिजली ठीक करने वाले कर्मचारी (एएलएम) की करंट लगने से शुक्रवार को मौत हो गई। बिजलीकर्मी डीसी रेट पर 16 वर्षो से सेवा दे रहा था। सूचना पाकर बिजली कर्मी को अटेली अस्पताल में लेकर आये, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी।
दोपहर करीब 2 बजे अटेली ऑपरेशन सब डिवीजन के उनिंदा डीएस पर करण सिंह एएलएम ( 48) बिजली ठीक कर रहा था। कर्मी परमिट लेकर कार्य कर रहा था। अचानक बिजली ठीक करते समय पोल से वह नीचे गिर गया। साथियों ने अटेली अस्पताल में पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उसको प्राथमिक सहायता दी, लेकिन थोड़ी देर बाद ही उसने दम तोड़ दिया।
बिजली निगम के जेई नरेंद्र कुमार, महेश कुमार, प्रवीण कुमार, फोरमैन लखनपाल, सुभाष, फूल सिंह एएलएम, विजय पाल व मुकेश कुमार आदि ने कर्मी की मौत पर दुख प्रकट किया है। कर्मियों ने बताया कि बिजली कर्मी हमेशा खतरे में कार्य करते रहते हैं। उनको रिस्क अलाउंस भी नहीं मिलता है, जबकि पुलिस विभाग के कर्मियों को रिस्क अलाउंस मिलता है।