22 मई को होने वाले नगर परिषद चुनावों के लिए नामांकन वापस लेने के बाद मैदान में डटे प्रत्याशियों की स्थिति साफ हो गई है। शुक्रवार को नगर परिषद के 25 वार्डों से 20 लोगों ने अपना नामांकन वापस लिया। इसके बाद अब 25 वार्डों के लिए 135 उम्मीदवार चुनाव मैदान में रह गए। वहीं वार्ड नंबर नौ से बृहस्पतिवार शाम को नामांकन पत्र रद हो जाने के बाद कोमल देवी ही मैदान में रह गई। जिसके चलते वे पार्षद निर्वाचित हो गई। वहीं शुक्रवार को नामांकन पत्र वापस लेने के बाद चुनाव चिह्न भी आवंटित किए गए। चुनाव चिह्न आवंटित हो जाने के बाद शुक्रवार से चुनाव प्रचार ने भी जोर पकड़ लिया तथा लोगों ने घर-घर जाकर प्रचार तेज कर दिया।
22 मई को होने वाले नगर परिषद चुनावों के लिए पांच मई से नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई थी। इसके बाद 11 मई तक नामांकन पत्र दाखिल किए गए। 11 मई तक 163 लोगों ने नामांकन किया। इसके बाद 12 मई को नामांकन पत्रों की जांच की गई। इसमें आठ नामांकन को विभिन्न गलतियों के चलते रद कर दिया गया। वहीं शुक्रवार को नामांकन वापस लिए गए। नामांकन वापसी के समय दोपहर बाद तीन बजे तक 20 लोगों ने अपना नामांकन पत्र वापस ले लिया। नामांकन पत्र वापस लेने के बाद 135 लोग चुनाव मैदान में रह गए।
चुनाव चिह्न मिलने के बाद चुनाव प्रचार ने पकड़ा जोर
शुक्रवार को नामांकन वापसी के बाद चुनाव चिह्न वितरित किए गए। कई उम्मीदवारों को अपनी पसंद का चुनाव चिह्न मिला तो किसी को चुनाव अधिकारी द्वारा दिए गए चुनाव चिह्न से संतोष करना पड़ा। सबसे ज्यादा मांग पतंग, हवाई जहाज व उगते सूरज की रही। वहीं ताला चाबी, साइकिल, रेडियो, हाकी, अंगूठी, कार, सिलेंडर, पंखा व सिलाई मशीन की डिमांड भी उम्मीदवारों ने रखी। चुनाव चिह्न मिलने के बाद लोगों ने वोटों के लिए दौड़ धूप तेज कर दी तथा घर-घर जाकर वोट की अपील करने लग गए।
वार्ड नंबर नौ से कोमल दायमा निर्वाचित
एससी के लिए आरक्षित महिला वार्ड नंबर नौ से दो ही महिलाओं ने आवेदन किया था। इसमें से मंजू चौहान का आवेदन रद हो जाने के कारण कोमल देवी ही मैदान में रह गई। इसके कारण उनको निर्वाचित घोषित कर दिया गया। सहायक चुनाव अधिकारी ईश्वर सिंह ने बताया कि कोमल देवी को 23 मई को प्रमाण पत्र दिया जाएगा। वहीं कोमल देवी के निर्वाचित होने पर उनके समर्थकों ने रंग गुलाल व ढोल बाजे के साथ जुलूस भी निकाला।
63 उम्मीदवारों को मिले चुनाव चिन्ह
नांगल चौधरी। शुक्रवार को नामांकन वापसी प्रक्रिया खत्म होने के बाद कुल 63 उम्मीदवार मैदान में रह गए। जिन्हें चुनाव चिन्ह अलाट कर दिए गए। डीडीपीओ कुलदीप सिंह ने बताया कि 20 उम्मीदवारों ने अपने पर्चे वापस ले लिए हैं। वार्ड एक से 3, दो में 3, तीन में 6, चार में 4, पांच में 2, वार्ड 6 में 7, सात में 5, आठ में 6, 9 में 9, दस में 6, 11 में चार, 12 में चार तथा वार्ड 13 में चार उम्मीदवार चुनाव लड़ेंगे। प्रत्याशियों को एल्फाबेट प्रणाली के आधार पर सिंबल वितरित किए गए है। उन्होंने बताया कि वोटरों की सुविधा के लिए 13 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। प्रत्याशियों को निर्धारित नियमानुसार चुनाव प्रचार करना होगा। अवैध गतिविधियां साबित होने पर कार्रवाई की जाएगी।