फोटो संख्या:66- मृतक सूबे सिंह--- फाइल फोटो
कनीना। उपमंडल के गांव नौताना में शुक्रवार रात को हुए विवाद के बाद स्कॉर्पियो की टक्कर से 63 वर्षीय सुबे सिंह की मौत हो गई जबकि तीन युवक कुलदीप, नवीन व हैप्पी घायल हो गए। पुलिस ने मृतक के छोटे भाई जोगेंद्र की शिकायत पर गांव के ही नीरज, अंकित, सुरेंद्र व विशाल के विरुद्ध हत्या, हत्या के प्रयास और जान से मारने की धमकी देने सहित अन्य धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है।
मृतक के छोटे भाई जोगेंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका भतीजा हैप्पी पुत्र सुबे सिंह तथा उसके दो साथी कुलदीप और नवीन रात करीब 10 बजे गांव की मुख्य गली में खड़े थे। इसी दौरान नीरज, अंकित, सतेंद्र व विशाल काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी में वहां पहुंचे।
आरोपी नीरज ने गाड़ी रोककर हैप्पी, कुलदीप और नवीन के साथ डंडों से मारपीट की। शोर सुनकर जोगेंद्र व उनके बड़े भाई सुबे सिंह मौके पर पहुंचे तो हमलावर वहां से भाग गए। मारपीटर में घायल हैप्पी, कुलदीप व नवीन को लेकर आगे बढ़े तो आरोपियों ने दूसरी दिशा से तेज रफ्तार में स्कॉर्पियो से सीधी टक्कर मार दी। टक्कर लगने से घायल सुबे सिंह की मौत हो गई तथा तीनों अन्य घायल हो गए।
जोगेंद्र ने बताया कि नीरज ने गाड़ी सीधे सुबे सिंह पर चढ़ा दी। नीरज ने जाते समय पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी भी दी। इसके बाद आरोपी गाड़ी सहित गांव स्याणा की तरफ भाग गए।
घटना में हैप्पी, कुलदीप और नवीन भी गंभीर रूप से घायल हुए, जिनका इलाज सरकारी अस्पताल सेहलंग में कराया गया। परिजन गंभीर रूप से घायल सुबे सिंह को एंबुलेंस में कनीना नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
- वर्जन:
गांव नौताना में शुक्रवार रात को कुछ लोगों के बीच आपसी विवाद हो गया था। शनिवार को शिकायत के आधार पर चार नामजदों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है। -इंस्पेक्टर सज्जन सिंह, सदर थाना प्रभारी कनीना