सतनाली मंडी। नावां की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (बाल) के वाणिज्य संकाय में स्टाफ की कमी से परेशान छात्राओं ने ग्रामीणों के साथ मिलकर मंगलवार सुबह स्कूल के गेट पर ताला जड़ दिया। तालाबंदी की सूचना मिलते ही सतनाली थाना ड्यूटी प्रभारी नरेंद्र ने विद्यार्थियों और ग्रामीणों को समझा बुझाकर ताला खुलवाने का प्रयास किया लेकिन आक्रोशित छात्राएं आला अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ीं रहीं।
घंटेभर बाद बीईओ द्वारा फोन पर तीन दिन में रिक्त पदों पर वैकल्पिक व्यवस्था कराने का आश्वासन देने पर स्कूल का ताला खोला गया।नावां स्कूल में वाणिज्य संकाय की दोनों कक्षाओं में 15 छात्राएं और एक छात्र है। मंगलवार सुबह स्कूल खुलने के समय करीब 7.30 बजे गांव नावां की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (बाल) में पढ़ रही 11वीं और 12वीं की छात्राओं ने स्कूल में वाणिज्य अध्यापकों की कमी से परेशान होकर अन्य विद्यार्थियों के साथ स्कूल के मुख्य दरवाजे पर ताला लगा दिया।
छात्राओं की मांग को जायज ठकराकर ग्रामीण भी उनके समर्थन में एकत्रित हो गए। इस मौके पर सरपंच कृष्ण सिंह, बाली शर्मा, हनुमान उर्फ पिंकू, कृष्ण कुमार, मनोज, ईश्वर, रामसिंह, कालू सहित विद्यार्थियों ने बताया कि स्कूल में कुछ दिनों से वाणिज्य संकाय के सभी पद रिक्त हैं। इससे उनकी पढ़ाई बाधित हो रही है।
इस मौके पर सरपंच कृष्ण सिंह ने बताया कि उन्होंने इस विषय में महेंद्रगढ़ में शिक्षामंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा की मौजूदगी में जिला शिक्षा अधिकारी को स्कूल में स्टाफ की कमी से अवगत कराया था तो उन्होंने तीन दिन में समस्या के समाधान का आश्वासन दिया था। अभी तक समस्या का कोई समाधान नहीं हो पाया है।
मजबूरी में स्कूल पर तालाबंदी का कदम उठाना पड़ा। तालाबंदी के करीब आधे घंटे बाद सतनाली थाना ड्यूटी प्रभारी नरेंद्र मौके पर पहुंचे। आक्रोशित विद्यार्थियों ने उनकी एक नहीं सुनी। इसके करीब एक घंटे बाद दूरभाष पर खंड शिक्षा अधिकारी बिजेंद्र श्योराण ने तीन दिन में रिक्त पदों पर वैकल्पिक व्यवस्था करने का आश्वासन दिया। छात्राओं ने प्राचार्य सतबीर से इस आशय का लिखित आश्वासन लेकर तीन दिन में समाधान नहीं होने पर फिर से तालाबंदी की चेतावनी के साथ ताला खोला।