फोटो नंबर- 14किसान मेले में मौजूद किसान। स्रोत-प्रशासन
मंडी अटेली। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन स्कीम के तहत बुधवार को गांव राता कलां में जिला स्तरीय कृषि मेले का आयोजन किया। कार्यक्रम में जिला प्रमुख डॉ. राकेश कुमार ने मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कृषि उपनिदेशक डॉ. देवेंद्र सिंह ने की। इस मौके पर किसान क्लब के प्रमुख वीरेंद्र भी मौजूद थे। डॉ. राकेश कुमार ने लोगों को सरकार द्वारा मोटा अनाज को बढ़ावा देने की योजना व फायदे के बारे में जानकारी दी। मोटा अनाज खाने से बीमारियां दूर रहती हैं। डीडीए डॉ. देवेंद्र सिंह ने किसानों को कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं के बारे में बताया।
कृषि विज्ञान केंद्र महेंद्रगढ़ के वैज्ञानिक डॉ. जयलाल ने कम पानी में ज्यादा पैदावार के साथ-साथ गेहूं की नई किस्म के बारे में व पशु चिकित्सक डॉ. नितिन सोनी ने किसानों को पशुओं में आने वाली बीमारियों और गाय व भैंस पर सरकार द्वारा दी जा रही सब्सिडी के बारे में जानकारी दी। इस मौके पर सब्जियों की पौध, बैंक, खाद दवाइयां व कृषि यंत्र से संबंधित स्टाल लगाकर किसानों को जानकारी दी।
उप मंडल कृषि अधिकारी डॉ. मनमीत ने खाद के संतुलित प्रयोग के बारे में व जैविक कार्बन बढ़ाने के बारे में किसानों को प्रेरित किया। खंड कृषि अधिकारी डॉ. रजनीश ने किसानों से कृषि विभाग की सभी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। मेले में लगभग 800 किसानों ने अपना पंजीकरण करवाया। जिसमें महिला किसानों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के अंत में प्रश्नोत्तरी का आयोजन किया और इसमें जीतने वाले किसान को सम्मानित किया। इस अवसर पर कृषि विभाग से डॉ. हरीश, डॉ. हिमांशु, कृषि विकास अधिकारी डॉ. देवेंद्र व डाॅ. सोनिया व भूपेंद्र यादव आदि किसान मौजूद थे।