नारनौल। शहर के नांगल चौधरी रोड पर स्थित नई अनाज मंडी में सरसों की खरीद जारी है। शनिवार को भी करीब 9 गांवों के किसान सरसों लेकर मंडी पंहुचे। मंडी में खरीद प्रक्रिया सुचारू रूप से चल रही है, लेकिन लंबे समय से चल रही बारदाने की कमी के कारण उठान की गति धीमी रही, जिस कारण किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। किसानों का कहना है कि बारिश की आंशका बनी हुई है और बारदाने की कमी के चलते किसान स्वयं कट्टों का इंतजाम कर रहे हैं ताकि बारिश आने पर फसल खराब न हो।
अब तक हो चुका 2,57,811 क्विंटल सरसों की खरीद
मार्केट कमेटी के सचिव विजय सिंह ने बताया कि नई अनाज मंडी नारनौल में 27 मार्च से लेकर 26 अप्रैल तक पिछले तीस दिनों में 2,57,811 क्विंटल सरसों की खरीद की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि 27 मार्च से 9 अप्रैल तक हैफेड की ओर से कोऑपरेटिव सोसाइटी के अंतर्गत लगभग 85000 क्विंटल सरसों की खरीद की गई। वहीं 10 अप्रैल से 26 अप्रैल तक आढ़तियों की ओर से हरियाणा वेयर हाउस के अंतर्गत लगभग 172811 क्विंटल सरसों की खरीद की जा चुकी है। आढ़तियों की ओर से हरियाणा वेयर हाउस के अंतर्गत सरसों की खरीद अभी जारी रहेगी।
गेहूं का मूल्य 2275 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित
गेहूं की फसल अभी मंडी नहीं पहुंची है। मार्केट कमेटी के सचिव विजय सिंह ने बताया कि अभी शेड्यूल के हिसाब से खरीद की जा रही है। अगर कोई किसान गेहूं की फसल खरीद के लिए लाना चाहता है तो उसकी फसल को खरीदा जाएगा। गौरतलब है कि गेहूं की फसल का खरीद मूल्य सरकार द्वारा 2275 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है।
बारदाने की कमी के चलते सरसों की खरीद प्रक्रिया धीमी चल रही है, जिससे किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन को इस ओर ध्यान देने की आवश्यकता है।
बलवान किसान।
बारिश की आंशका बनी हुई हैं। बारदाने की कमी के चलते किसान स्वयं ही कट्टों का इंतजाम कर रहे हैं ताकि बारिश आने पर फसल खराब न हो।
रघुबीर किसान।
पहले जो बारदाने की कमी थी उसे पूरा कर दिया गया था। पिछले कुछ दिनों से कमी बनी हुई है। शनिवार देर सायं को बारदाने की एक गाड़ी आएगी। वहीं एक गाड़ी रविवार सुबह भी आएगी। हमारा प्रयास है कि बारदाने की कमी को जल्द से जल्द दूर किया जाए, जिससे किसानों को हो रही समस्या से निजात मिल सके।
रूबी हुड्डा, मैनेजर वेयर हाउस नारनौल।