किसान क्रेडिट कार्ड बनवाने की मांग को लेकर गांव धौलेड़ा का एक युवक सुबह 6 बजे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। ग्रामीणों के काफी समझाने पर भी वह नीचे नहीं उतरा। ग्रामीणों ने इसकी सूचना थाना प्रभारी को दी। सूचना पाकर मौके पर पंहुचे थाना प्रभारी राजकरण ने टावर के ऊपर चढ़े युवक को समझाकर उतारने का प्रयास किया, लेकिन काफी समझाने के बाद भी युवक नीचे नहीं आया। जिसके बाद मौके पर आए सीटीएम लक्ष्मीनारायण व डीएसपी राजसिंह ने युवक द्वारा की गई मांग का समाधान करने का आश्वासन देकर उसको करीब सवा तीन बजे मोबाइल टावर से नीचे उतारा। बता दें कि उक्त युवक हरिशचंद 2014 में भी क्रशरों से उड़ती हुई धूल से परेशान होकर ओवरलोड़ डंपरों को बंद करवाने की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ चुका है।
जानकारी के अनुसार गांव धौलेड़ा का युवक हरिशचंद कुछ महीने पहले लोन लेकर एक ट्रैक्टर लिया था। जिसको रखने के बाद वह किश्त नहीं भर पाया। जिस कारण से उसने ट्रैक्टर को वापस कंपनी को दे दिया। कंपनी ने उससे लिखवाकर ट्रैक्टर किसी और को दे दिया। लेकिन, कुछ दिनों उसने भी वापस कर दिया। ट्रैक्टर का लोन हरिशचंद के नाम पर ही चल रहा था। जब हरिशचंद किसान क्रडिट कार्ड बनवाने के लिए बैंक में गया तो लोन होने के कारण उसका किसान क्रेडिट कार्ड नहीं बन पाया। जिससे परेशान होकर वह सोमवार सुबह 6 बजे धौलेड़ा में मोबाइल टावर पर चढ़ गया। सूचना पाकर मौके पर आए प्रशासनिक अधिकारियों के सामने अपनी मांगों को रखते हुए उसने कहा कि अगर जब मैंने ट्रैक्टर वापस कर दिया तो मेरी जमीन पर लोन क्यों बाकी है। यदि लोन बाकी है तो मुझे मेरा ट्रैक्टर वापस कंपनी से दिलवाया जाएं और मेरा क्रेडिट कार्ड बनवाया जाए। मौके पर आए सीटीएम लक्ष्मीनारायण व डीएसपी राजसिंह ने युवक द्वारा की गई मांग का समाधान करने का आश्वासन देकर उसको करीब सवा तीन बजे मोबाइल टावर से नीचे उतारा। थाना प्रभारी राजकरण ने बताया कि सुबह साढ़े 6 बजे धौलेड़ा में मोबाइल टावर पर एक युवक के चढ़ने की सूचना मिली। जिस पर तुरंत मौके पर पहुंच उच्चाधिकारियों को अवगत करवाया। युवक द्वारा अधिकारियों के सामने रखी गई मांगों का समाधान करने का आश्वासन देकर युवक को नीचे उतारा गया है।