जिला नगर योजनाकार नारनौल की टीम द्वारा कनीना के रेवाड़ी रोड पर डेढ़ एकड़ में विकसित की गई अवैध कालोनी को ढहाया गया। अवैध रूप से बनाई गई इस कालोनी में रोड लाइनें बिछाने के साथ-साथ निर्माण भी कराया था। इस कार्रवाई में 10 प्लाटों की चहारदीवारी व एक कमरे के साथ-साथ बनाए रोड नेटवर्क को भी उखाड़ा गया। प्रवीण कुमार चौहान डीटीपी नारनौल की देखरेख में टीम द्वारा पुलिस बल की उपस्थिति में टीम द्वारा अवैध निर्माण को उखाड़ा गया। कार्रवाई के दौरान सत्यपाल नायब तहसीलदार कनीना बतौर ड्यूटी मजिस्ट्रेट तैनात रहे। वहीं अवैध रूप से निर्माण करने वालों के खिलाफ थाना शहर कनीना में मुकदमा दर्ज करवाया गया है।
अनुमति के बिना न करें निर्माण
जिला नगर योजनाकार टीम के प्रवीण कुमार चौहान ने कहा है कि शहर व आसपास क्षेत्र में अवैध रूप से निर्माण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। किसी भी अवैध कॉलोनी में कोई प्लाट प्रापर्टी डीलर्स के बहकावे में आकर न खरीदें और न ही अवैध निर्माण करें। इसके अतिरिक्त कोई भी प्लॉट खरीदने से पहले कॉलोनी की वैद्यता व निर्माण करने से पूर्व नियमानुसार अनुमति लेने के लिए जिला नगर योजनाकार कार्यालय नारनौल से किसी भी कार्यदिवस में संपर्क किया जा सकता है। जिला नगर योजनाकार ने बताया कि भविष्य में जिले में अन्य स्थानों पर विकसित की जा रही अवैध कालोनियों तथा अवैध निर्माण के खिलाफ कार्यवाही जारी रहेगी।