निजामपुर-नांगल चौधरी रोड पर धोली पहाड़ी मंदिर बालाजी के पास दो ट्रालों की टक्कर में एक चालक घायल हो गया। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने टी-प्वाइंट के तीनों तरफ ब्रेकर बनाने की मांग को लेकर सड़क पर जाम लगा दिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची नांगल चौधरी पुलिस ने लोगों को समझाकर घंटे में जाम खुलवाया।
जानकारी के अनुसार दोपहर करीब एक बजे निजामपुर से नांगल चौधरी की तरफ से रोड़ी से भरा ट्राला जा रहा था। नांगल चौधरी की तरफ से खाली ट्रॉला धोली पहाड़ी टी-प्वाइंट मोड़ से बखरी जा रहा था। निजामपुर की तरफ से तेज गति से आ रहे ट्रॉले की आमने-सामने भिंडत हो गई। भिड़ंत में ट्रॉला सड़क किनारे स्थित पंक्चर की दुकान में जा घुसे। इस हादसे में एक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसको ग्रामीणों ने सीएचसी नांगल चौधरी पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार देकर हायर सेंटर रेफर कर दिया। इस घटना को देखते हुए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर टी- प्वाइंट के तीन तरफ ब्रेकर बनाए जाने की मांग की। करीब तीन बजे नांगल चौधरी पुलिस ने आकर जाम खुलवाया और वाहनों का आवागमन शुरू हुआ।