राज्य मंत्री को ज्ञापन देते पीड़ित के परिजन।
- फोटो : Narnol
नारनौल। रेवाड़ी रोड पर हाईवा चालक की सोमवार की रात पुलिस कर्मचारियों ने बेरहमी से पिटाई कर दी। आरोप हैं कि ट्रैफिक एसएचओ और अन्य पुलिस कर्मचारियों ने उसे रोड पर पहले पटक कर पीटा फिर बबूल के पेड़ से बांधकर पिटाई की। मामला सामने आने पर एसएचओ समेत अन्य पुलिस कर्मचारियों पर सिटी थाना पुलिस ने विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। वहीं एसपी सिलोचना ने ट्रैफिक एसएचओ को लाइन हाजिर कर दिया है और अन्य को तलब किया है। वहीं घायल ड्राइवर का उपचार नागरिक अस्पताल में चल रहा है।
गांव ताजीपुर निवासी बलदेव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि भाई कैलाश हाइवा पर चालक है। सोमवार की रात रेवाड़ी रोड पर गंदे नाले के पास हाईवा को खड़ा कर सो रहा था। अचानक बोलेरो गाड़ी में चार-पांच पुलिस कर्मी आए। पीड़ित का आरोप हैं कि पुलिस कर्मचारियों ने कैलाश को हाइवा से नीचे उतार लिया और पिटाई की। इसके बाद सिंघाना बाईपास के पास ले गए। जहां पर कीकर के पेड़ से लटकाकर ट्रैफिक थाना प्रभारी ने लोहे के रॉड से पिटाई की। आरोप हैं कि प्रभारी शराब के नशे में धुत थे। शिकायत पर सिटी थाना पुलिस ने एसएचओ समेत अन्य पुलिस कर्मचारियों पर केस दर्ज कर लिया है।
दूसरी ओर पुलिस कर्मियों की ओर से की गई मारपीट के विरोध में पीड़ित के परिजन और ट्रांसपोर्ट यूनियन के सदस्यों ने राज्यमंत्री ओमप्रकाश यादव के कार्यालय पहुंचकर से उन्हें मिले और उन्हें ज्ञापन भी सौंपा। राज्यमंत्री को ज्ञापन देने गए ट्रांसपोर्ट यूनियन के सदस्यों ने कहा कि ट्रांसपोर्टरों को पुलिस की ओर से बेवजह और जानबूझकर प्रताड़ित किया जा रहा है। ड्राइवरों को मनमर्जी के मुताबिक पुलिस कर्मचारी जिलाभर में परेशान कर रहे हैं। विरोध करने या पुलिस कर्मियों को सवाल का जवाब देने पर इस तरह की घटनाएं ड्राइवरों के साथ घटित होने लगी है। ज्ञापन में कहा है कि बीती सोमवार की रात कैलाश हाईवा को रेवाडी रोड पर गंदे नाले के पास खड़ी करके उसमें लेटा हुआ था। ट्रैफिक इंचार्ज समेत अन्य पुलिस कर्मचारियों ने उसे पीटा। पीड़ित ने इस मामले में सीएम, गृहमंत्री, डीजीपी और एसपी समेत को भी पत्र लिखा है।
एसएचओ किए लाइन हाजिर
पूरा मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया। चालक के पिटाई से शरीर के कई जगहों पर चोट के निशान बन गए। मामला एसपी सिलोचना के संज्ञान पर आने पर एसएचओ ट्रैफिक मुनीष को लाइन हाजिर कर दिया है। माना जा रहा हैं कि अन्य पुलिस कर्मचरियों पर गाज गिर सकती है। बता दें कि इससे पहले भी पुलिस हिरासत में एक डेयरी संचालक से भी मारपीट करने का मामला आया था। इसमें भी एचएचओ समेत दो पुलिस कर्मियों को लाइन हाजिर किया गया था।
आरोपी पुलिस कर्मचारियों पर केस दर्ज कर लिया गया है। सिटी थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। मामले में एसएचओ को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
नरेश कुमार, प्रवक्ता पुलिस
घायल चालक कैलाश।- फोटो : Narnol