फोटो नंबर- 05नल नहीं आने के कारण दूसरे मोहल्ले में लगे एक नल से पानी भर कर ले जाते मोहल्ला
नारनौल। शहर के मोहल्ला महल बूस्टिंग स्टेशन की मोटर खराब हो जाने के कारण करीब पांच मोहल्लों में पानी का संकट छा गया। मोहल्ले के लोगों को पानी के लिए या तो पैसे खर्च करके टैंकर मंगवाने पड़ रहे हैं या फिर दूर-दराज से कुओं व अन्य नलों का सहारा लेना पड़ रहा है। मोहल्ला महल के पास बने बूस्टिंग स्टेशन से मोहल्ला महल, मोहल्ला मिश्रवाड़ा, मोहल्ला संघीवाड़ा, वाल्मीकि बस्ती व चहल कॉलाेनी आदि में पेयजल संकट गहरा गया। मोहल्लों में चार दिन पानी नहीं आने के कारण इस भीषण गर्मी के अंदर लोगों के लिए भारी परेशानी हो गई। जिन लोगों ने घरों में टैंक बनवा रखे थे, उन्होंने तो पैसे खर्च करके टैंकर डलवा लिए, परंतु बहुत से लोगों के घरों में टैंक नहीं होने के कारण उन्हें ज्यादा परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मोहल्लावासी प्रकाश, दिनेश, देशराज, अनिल, विजय व कमल ने बताया कि गर्मियों के मौसम में हर साल बूस्टिंग स्टेशन की मोटर खराब हो जाती हैं। इस मोटर के खराब होने के बाद एक-एक सप्ताह तक पानी नहीं आता। लोगों ने बताया कि इस बूस्टिंग स्टेशन से पांच मोहल्ले के करीब सात हजार से ज्यादा लोग निर्भर रहते हैं। परंतु इसके बाद भी विभाग द्वारा इस समस्या का उचित समाधान नहीं किया जा रहा है। मोहल्ले के ने बताया कि पिछले साल भी गर्मियों में यह मोटर कई बार खराब हुई थी। इसे लेकर मोहल्ले के लोग तत्कालीन एसडीओ के पास भी गए थे। मोहल्ले के लोगों ने बताया कि उस समय एसडीओ ने बूस्टिंग स्टेशन पर एक नई मोटर और लगवाने की बात कही थी। मोहल्ले के लोगों ने बताया कि आज एक साल बीत जाने के बाद भी बूस्टिंग स्टेशन पर मोटर नहीं लगाई गई हैं जिसे लेकर मोहल्ले के लोगों में रोष व्याप्त है। लोगों ने बताया कि अब जो मोटर बूस्टिंग स्टेशन पर लगी है उसकी हालत और भी खराब हो चुकी है इसलिए विभाग द्वारा यहां एक नई मोटर और लगवानी चाहिए जिससे एक मोटर खराब हो जाने पर पानी की सप्लाई में दिक्कत नहीं आए।
वर्जन:
मोहल्ला महल के पास बने बूस्टिंग स्टेशन की मोटर बुधवार देर रात तक ठीक हो जाएगी। इसके बाद सभी जगह पानी सप्लाई करने का प्रयास किया जाएगा। गत वर्ष जो नई मोटर लगवाने की बात थी, उसे लेकर उच्चाधिकारियों से बात करके लगवाने का प्रयास किया जाएगा।
नितिन कुमार, जई जनस्वास्थ्य विभाग