फोटो नंबर-14बाजार के अंदर ट्राली में कूड़ा उठान करते डोर-टू-डोर कर्मचारी। संवाद
नारनौल। नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर नगर पालिका कर्मचारी संघ इकाई नारनौल की काम छोड़ हड़ताल शुक्रवार को आठवें दिन भी जारी रही। वहीं अग्निशमन कर्मचारी भी 31वें दिन हड़ताल पर डटे रहे। हालांकि शुक्रवार को डोर टू डोर कर्मचारियों ने सफाई व्यवस्था सुधारने की कमान संभाल ली है।
शहर में लगातार आठ दिनों से चल रही सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के चलते सफाई व्यवस्था बदहाल हो गई। इसकी वजह से शुक्रवार को नगर परिषद ने आज डोर-टू-डोर कूड़ा उठान करने वाले कर्मचारियों को ट्रैक्टर-ट्रॉली देकर कूड़ा उठान का कार्य शुरू करवाया। इन कर्मचारियों को कूड़ा उठान में लगा देने के बाद भी शहर में कुछ ही स्थानों से कूड़ा उठान हो पाया।
धरने की अध्यक्षता इकाई प्रधान भूपेंद्र सारवान तथा अग्निशमन विभाग की हड़ताल की अध्यक्षता इकाई प्रधान गुरदयाल सिंह ने की। संयुक्त हड़ताल के तहत नगर पालिका और अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों ने शहर के मुख्य मार्गों पर प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ रोष जताया।