फोटो संख्या:87- शहर में कुत्तों को पकड़ते कर्मचारी---संवाद
महेंद्रगढ़। नगर पालिका शहर में कुत्तों की समस्या को खत्म करने के लिए नगर पालिका की ओर मंगलवार को कुत्ते पकड़ने का अभियान शुरू कर दिया गया है। पहले दिन एजेंसी की ओर से 20 कुत्तों को पकड़ लिया गया है। कुत्तों को पकड़कर शेल्टर हाउस में छोड़ा जाएगा। जहां पर कुत्तों का टीकाकरण किया जाएगा।
नगर पालिका के प्रधान रमेश सैनी ने बताया की नगर पालिका की ओर से एजेंसी को सात लाख रुपये का टेंडर अलॉट किया गया है। एजेंसी की ओर से 350 कुत्तों को पकड़कर शेल्टर हाउस में छोड़ा जाएगा।
इनका टीकाकरण किया जाएगा। नपा चयनित एजेंसी को प्रति कुत्ते पर 1900 रुपये का भुगतान किया जाएगा। अभियान के तहत पकड़े गए कुत्तों को निर्धारित शेल्टर होम में रखा जाएगा, जहां उनकी देखभाल, टीकाकरण और नसबंदी जैसी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी करेंगी।
वर्तमान में शहर में करीब दो हजार लावारिस कुत्ते सड़कों, गलियों और मोहल्लों में घूम रहे हैं। इससे लोगों और राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ रही है। गर्मी सीजन में कुत्ते अधिक उग्र हो जाते हैं और लोगों को काटने के लिए दौड़ते हैं। इसके लिए आमजन की सुरक्षा पर खतरा बना हुआ है।