नारनौल। महेंद्रगढ़ में उर्वरकों की कोई कमी नहीं है। केंद्र सरकार की ओर से 15 अक्तूबर से पहले हरियाणा राज्य में 40 हजार मीट्रिक टन डीएपी का पहुंचना निश्चित है। किसान जरूरत से ज्यादा खाद न खरीदें। बिजाई के सीजन पर एक साथ सभी किसान उर्वरक खरीदने लग जाते हैं इससे भीड़ दिखाई देती है लेकिन वास्तव में खाद की कोई कमी नहीं है। राज्य सरकार ने इस संबंध में सभी पुख्ता इंतजाम किए हैं। उक्त जानकारी डीडीए डॉ. वजीर सिंह ने दी।
डीडीए डॉ. वजीर सिंह ने बताया कि इस संबंध में कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के महानिदेशक डॉ. हरदीप सिंह ने विगत दिनों खाद की मुख्य निर्माता कंपनियों इफ्को, कृभको, चंबल, आईपीएल, पीपीएल व जीएफएससी के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर राज्य में उर्वरकों के स्टॉक का जायजा भी लिया था। कृषि महानिदेशक डॉ. हरदीप सिंह ने खाद की मुख्य निर्माता कंपनियों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि समय पर खाद उपलब्ध करवाया जाए ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना ना करना पड़े।
डॉ वजीर सिंह ने किसानों से आह्वान किया कि वे एसएसपी व एनपीके खाद का प्रयोग करें। उन्होंने बताया कि स्टॉक अनुसार राज्य व जिला में यूरिया की कोई कमी नहीं है। डीएपी, एनपीके व एसएसपी रबी की बुआई के लिए पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।