नारनौल। स्वच्छ और स्वस्थ हरियाणा के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए राज्य सरकार द्वारा शुरू किए गए हरियाणा शहरी स्वच्छता अभियान-2025 के तहत महेंद्रगढ़ जिले में विभिन्न शहरों और कस्बों में स्वच्छता संबंधी गतिविधियां तेजी से चल रही है।
इसी क्रम में जिला नगर आयुक्त रणवीर सिंह ने वीरवार को अटेली शहर का दौरा किया और शहरी स्वच्छता अभियान -2025 का निरीक्षण किया। उनके साथ अटेली नगर पालिका सचिव भी मौजूद थे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने चल रहे स्वच्छता कार्यों की समीक्षा की।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार के निर्देश पर लगातार हर रोज अलग-अलग गतिविधियां चलाकर स्वच्छता का संदेश दिया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अटेली नगर पालिका द्वारा सफाईकर्मियों को व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण वितरित किए गए, जिससे वे सुरक्षित रूप से अपना काम कर सकें।
इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए महेंद्रगढ़, नारनौल, कनीना और नांगल चौधरी के स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रम चलाए गए, जहां छात्रों को कचरे के स्रोत पर ही पृथक्करण के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। नारनौल के एक स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जबकि कनीना के स्कूलों में भी यह अभियान चलाया गया। स्कूल के छात्रों द्वारा महेंद्रगढ़ में डंप साइट का दौरा भी किया गया जहां उन्होंने स्वच्छता की शपथ ली। इस दौरान उनके साथ स्वच्छता टीम भी मौजूद थी।
शहरों को स्वच्छ बनाने के लिए महेंद्रगढ़ में कई गारबेज वल्नरेबल पॉइंट्स यानी ऐसे स्थान जहां अक्सर कचरा जमा होता है, की पहचान कर उन्हें पूरी तरह से साफ किया गया।
इसके अलावा, नांगल चौधरी में सड़कों के किनारे की घास की कटाई की गई। आवारा पशुओं को पकड़ कर टैग करने का काम नारनौल में जारी है। कनीना में सार्वजनिक शौचालयों की साफ-सफाई का निरीक्षण नगर पालिका सचिव द्वारा किया गया। मच्छरों के प्रकोप को रोकने के लिए महेंद्रगढ़ में फॉगिंग भी की गई। इसके अतिरिक्त, कनीना के रेलवे स्टेशन रोड पर एक एंटी-डिफेसमेंट ड्राइव भी चलाई गई, जिसके तहत सार्वजनिक दीवारों और स्थानों को गंदा करने वाले पोस्टरों और विज्ञापनों को हटाया गया।
जिला नगर आयुक्त रणवीर सिंह ने बताया कि सरकार के निर्देश पर यह अभियान लगातार जारी रहेगा। इसका उद्देश्य केवल शहरों को साफ करना नहीं बल्कि नागरिकों में स्वच्छता की आदत को स्थायी रूप से स्थापित करना है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे इस अभियान में सक्रिय रूप से भाग लें और अपने शहर को स्वच्छ बनाने में सहयोग करें।