फोटो नंबर-20शहर में मुख्य सड़क के साथ जमा कूड़े को उठवाते डीएमसी रणबीर सिंह।
नारनौल। नगर परिषद के डीएमसी रणबीर सिंह ने सोमवार को शहर में स्वच्छता का जायजा लिया। डीएमसी ने नप की टीम को बुलाकर सफाई व्यवस्था में सुधार करने के साथ ही कूड़ा उठान करने वाली गाड़ियां भेजने का आदेश दिए। उन्होंने अतिक्रमण पर चिंता जताई।
डीएमसी रणबीर सिंह ने रेवाड़ी रोड, बस स्टैंड परिसर और सिंघाना रोड सहित कई प्रमुख स्थानों का दौरा किया। उन्होंने जगह-जगह लगे कूड़े के ढेर को तुरंत उठवाया। उन्होंने दुकानदारों को सड़क पर कूड़ा न फेंकने की हिदायत देते हुए अपनी-अपनी दुकानों पर डस्टबिन रखने के लिए कहा।
डीएमसी ने पॉलिथीन थैलियों के प्रयोग पर भी नाराजगी जताई और कहा कि मंगलवार से यदि किसी दुकान या स्थान पर पॉलिथीन का उपयोग करते मिला तो चालान काटे जाएंगे। उन्होंने साफ कहा कि नगर परिषद स्वच्छता अभियान को लेकर पूरी तरह गंभीर है और कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बस स्टैंड क्षेत्र में अतिक्रमण की स्थिति देखकर डीएमसी ने तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए।
आदेश मिलते ही नप कर्मचारी मौके पर पहुंचे और सड़क पर किए गए अतिक्रमण को हटवाया। नप टीम को देखते ही दुकानदारों ने अपना सामान अंदर कर लिया जबकि रेहड़ी चालक वहां से हट गए।