नारनौल। स्थानीय आईटीआई मैदान में मनाए जाने वाले जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह के लिए जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। अतिरिक्त उपायुक्त वैशाली सिंह ने वीरवार को आईटीआई मैदान में पहुंचकर तैयारी का जायजा लिया व अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस बार 26 जनवरी को प्रदेश के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री ओमप्रकाश यादव तिरंगा फहराएंगे।
एडीसी ने तैयारी को अंतिम रूप देते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे निर्धारित समय पर समारोह स्थल पर पहुंचे। ठीक 10 बजे मुख्य अतिथि तिरंगा फहराएंगे। समारोह स्थल पर मुख्य मंच को वाटर प्रूफ बनाया गया है। मुख्य स्टेज की बाई तरफ प्रेस गैलरी तथा उसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश करने वाले बच्चों के बैठने के लिए व्यवस्था की गई है। यहीं पर उत्कृष्ट कार्य करने के लिए सम्मानित किए जाने वाले नागरिकों के बैठने के लिए भी कुर्सियां लगाई गई हैं। वहीं मंच की दाईं तरफ विशिष्ट नागरिकों की बैठने की व्यवस्था है। इसके साथ बैरिकेडिंग लगाकर आम नागरिकों के लिए भी कुर्सियां लगाई गई हैं।
वाहनों की पार्किंग के लिए इन स्थानों पर की गई व्यवस्था
समारोह के लिए प्रशासन की तरफ से वाहनों की पार्किंग के लिए अलग-अलग स्थान निर्धारित किए गए है। इसमें मुख्य गेट से केवल वीआईपी वाहन ही अंदर जा सकेंगे। सरकारी वाहन पुलिस अधीक्षक निवास के साथ लगते आईटीआई के गेट से अंदर जाएंगे। आम नागरिकों के वाहन हुडा सेक्टर में स्थित चौकी के सामने खाली मैदान में खड़े होंगे। इसी प्रकार स्कूल बसें बच्चों को छोड़ने के बाद पंचायत भवन के पास बने स्टैंड पर खड़ी होगी। झांकियां सुबह 7 बजे तक अंदर प्रवेश कर सकेंगी।
होगा समारोह का लाइव प्रसारण
गणतंत्र दिवस समारोह का लाइव प्रसारण किया जाएगा। कोई भी नागरिक डीसी महेंद्रगढ़ के यू ट्यूब चैनल पर जाकर इसका सीधा प्रसारण देख सकता है। इसके अलावा डीसी महेंद्रगढ़ की ऑफिशियल वेबसाइट पर जाकर उसके लिंक https://youtube.com/live/sFGxT7aYsTY?feature=share पर क्लिक करके सीधा प्रसारण देख सकता है।
ये रहेगा कार्यक्रम का शेड्यूल
समारोह स्थल पर मुख्यातिथि का आगमन 9.58 बजे होगा। इसके बाद ठीक 10 बजे वे तिरंगा फहराएंगे। 10.2 बजे परेड का निरीक्षण, 10.10 बजे मुख्यातिथि का भाषण, 10.25 बजे मार्च पास्ट, 10.35 बजे पीटी शो, 10.40 बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम, 11:00 बजे झांकियों का प्रदर्शन, 11.20 बजे पुरस्कार वितरण व 11.31 बजे राष्ट्रीय गान के साथ समारोह का समापन होगा।
सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला में धारा 144 लागू
जिलाधीश मोनिका गुप्ता ने गणतंत्र दिवस समारोह की सुरक्षा का ध्यान रखते हुए धारा 144 और ड्रोन नियम, 2021 के नियम 24 के आधार पर 26 जनवरी को महेंद्रगढ़, नारनौल, कनीना व नांगल चौधरी में पांच किलोमीटर के दायरे में किसी भी यूएवी जैसे ड्रोन, ग्लाइडर, रिमोट नियंत्रित विमान, फ्लाइंग कैमरे, कायर कॉप्टर, हवाई कवरेज के लिए हेलीकैम आदि की उड़ान पर प्रतिबंध लगाया है। यह आदेश गणतंत्र दिवस तक लागू रहेगा। यह आदेश ड्यूटी पर तैनात पुलिस और लोक सेवकों पर लागू नहीं होगा। इस आदेश का कोई भी उल्लंघन भारतीय दंड संहिता की धारा 188 और तदनुसार अन्य लागू धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी।