जिला नगर योजनाकार की टीम ने शुक्रवार को अटेली रोड पर लगभग 3 एकड़ क्षेत्र में विकसित की जा रही अवैध कालोनी में निर्माणों को ध्वस्त करा दिया। पायगा गांव की जमीन पर विकसित की जा रही इसी कालोनी में डीटीपी की टीम ने अगस्त 2020 में भी जेसीबी चलाकर अवैध निर्माण गिराए थे।
जिला नगर योजनाकार की टीम ने 25 अगस्त 2020 को महेंद्रगढ़ में अटेली रोड स्थित गांव पायगा की जमीन पर अवैध तौर पर विकसित की जा रही अवैध कालोनी में निर्माणों को ध्वस्त किया था। जिसमें सड़कों और चहारदीवारी को उखाड़ा गया था। इसी कालोनी में दोबारा से निर्माण किए जाने की सूचना नगर योजनाकार विभाग को मिली। जिला नगर योजनाकार की टीम ने शुक्रवार को दोबारा से इस कालोनी में तोड़फोड़ की। जिला नगर योजनाकार प्रवीण कुमार चौहान की अगुवाई में जेई हेमंत यादव, संदीप, नरेश व योगेंद्र की टीम महेंद्रगढ़ पहुंची। डीटीपी टीम के साथ भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। तहसीलदार विजय कुमार ड्यूटी मैजिस्ट्रेट के तौर पर तैनात रहे।
करीब तीन एकड़ में विकसित की जा रही कालोनी में रोड नेटवर्क दोबारा से बिछाए जा रहे थे। डीटीपी टीम ने जेसीबी की मदद से अवैध निर्माणों को ध्वस्त कराया। जिला नगर योजनाकार प्रवीण कुमार चौहान ने कहा बिना लाइसेंस कृृषि भूमि को रिहायशी अथवा वाणिज्यिक उपयोग के लिए परिवर्तित न करें। लोग किसी भी अवैध कॉलोनी में कोई प्लॉट प्रापर्टी डीलर्स के बहकावे में आकर न खरीदें, न ही अवैध निर्माण करें। प्लॉट खरीदने से पहले कॉलोनी की वैद्यता बारे में जिला नगर योजनाकार कार्यालय से जानकारी हासिल कर लें।