फोटो 20बच्चों से बातचीत करते जिला एवं सत्र न्यायाधीश नरेंद्र सूरा साथ में सीजेएम नीलम कुमारी।
नारनौल। जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष नरेंद्र सूरा ने मंगलवार को हुडा सेक्टर में स्थित संतोष मेमोरियल दिव्यांग एवं पुनर्वास केंद्र और खरखड़ी मोहल्ला स्थित अंध विद्यालय का दौरा कर छात्राओं से हाल जाना।
जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने संतोष मेमोरियल दिव्यांग एवं पुनर्वास केंद्र का दौरा कर बच्चों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि दिव्यांग बच्चों को शिक्षा, स्वास्थ्य और पुनर्वास सेवाओं तक पहुंच सुनिश्चित करना हमारा कर्तव्य है। दिव्यांग बच्चों को आवश्यक सुविधाएं दी जाएं। उन्होंने कहा कि अगर उन्हें किसी प्रकार की कोई समस्या आती है तो वे बेझिझक जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नारनौल से संपर्क कर सकते हैं।
उन्होंने खरखड़ी मोहल्ला स्थित अंध विद्यालय का दौरा कर छात्राओं से उनका हाल-चाल जाना। उन्होंने छात्राओं को म्यूजिक के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि वे पूरी मेहनत व लगन के साथ अपनी पढ़ाई करें। इस मौके पर छात्राओं को खाद्य सामग्री भी वितरित की। इस मौके पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी नीलम कुमारी भी मौजूद थी।