खाद्य एवं पूर्ति विभाग के उप निदेशक एके मित्तल की अध्यक्षता में चंडीगढ़ से आई टीम ने रविवार को जिले के 30 राशन डिपो का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान 6 राशन डिपो में कमियां पाए जाने पर उनकी सप्लाई तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दी गई। इन सभी को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया है।
जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक संजीत राणा ने बताया कि टीम ने जनवरी 2016 से जून 2016 के लिए भारत सरकार से प्राप्त कोटे के अनुसार दाल व चना की जांच पड़ताल की। इस दौरान उन्होंने वितरण की भी जांच की। इस निरीक्षण के दौरान 6 राशन डिपो संचालकों के राशन वितरण में कमियां पाई गई। इन सभी को तुरंत प्रभाव से निलंबित करते हुए डिपो धारकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। उन्होंने बताया कि जिन डिपो धारकों की सप्लाई निलंबित की गई है। जिले के शेष राशन डिपो पर 15 किलोग्राम दाल चना, गेहूं, चीनी एवं मिट्टी तेल सही मात्रा में उपलब्ध था एवं इनका वितरण कार्य सही पाया गया।
जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक संजीत राणा ने सभी डिपो धारकों को चेतावनी दी है कि अगर किसी डिपो धारक द्वारा राशन वितरण में अनियमितताएं की गई तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। राणा ने कहा कि सभी डिपो धारक सरकार के नियमों व योजना के अनुसार ाशन का वितरण करें। कोई भी डिपोधारक किसी भी नागरिक का राशन कार्ड अपने पास नहीं रखेगा। यह नियमों के विरुद्ध है। इसके अलावा सरकार के जो भी नियम व कायदे हैं उन्हीं के अनुसार राशन का वितरण किया जाए।