नागरिक अस्पताल महेंद्रगढ़ में सर्जन को डेपुट करने के दस दिन बाद भी ज्वाइन नहीं किया है। 22 जनवरी को तत्कालीन मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतलाल वर्मा ने डॉ. कंवर सिंह (सर्जन) के दो दिन वीरवार और शनिवार की डेपुटेशन की थी। मरीजों को सूचना मिलने पर अस्पताल में जांच के लिए आते हैं लेकिन चिकित्सक के ज्वाइन नहीं किए जाने पर उन्हें निराश वापस लौटना पड़ता है। दस दिन के अंदर दो वीरवार तथा दो शनिवार के दिन जा चुके हैं लेकिन चिकित्सक ने अभी तक यहां ज्वाइन नहीं किया।
महेंद्रगढ़ नागरिक अस्पताल को पहले उप नागरिक अस्पताल का दर्जा था। अभी तक गायनोलॉजिस्ट के अलावा कोई पद नहीं भरा गया था। मरीजों को पथरी, हर्निया, अपेंडिक्स, मस्से, रसोली, प्रोस्टेट, बच्चेदानी आदि के ऑपरेशन के लिए 70 किलोमीटर दूर जाना पड़ता था। इसके लिए उन्हें 35 से 50 हजार रुपये चुकाने पड़ते हैं। नारनौल में दो सर्जन काम कर रहे थे। महेंद्रगढ़ में एक भी सर्जन नहीं था। अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया। बुधवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने डॉ. कंवर सिंह की अस्थायी नियुक्ति के आदेश 22 जनवरी को जारी कर दिए थे। बावजूद इसके उन्होंने अभी तक ज्वाइन नहीं किया है। मरीजों को सर्जन आने की जो आश बंधी थी वो अब टूटने लगी है।
मैंने आज पद भार ग्रहण किया है। अगर सर्जन ने ज्वाइन नहीं किया है तो वो कर लेंगे। पूरे जिले के अस्पतालों को देखना है। मेरा प्रयास रहेगा कि जिले में किसी भी अस्पताल में मरीज को परेशानी न हो, जो कमियां उसको दूर करने का प्रयास करेंगे।
- डॉ. अशोक कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, महेंद्रगढ़।