महेंद्रगढ़/कनीना। धनतेरस पर शहर के सभी बाजारों में जमकर धनवर्षा हुई। खरीदारी के लिए सुबह से ही बाजार में भारी भीड़ रही। लोगों ने बाजार में सोने-चांदी के आभूषण, लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां, सजावट का सामान, बर्तन, झाड़ू, पूजन सामग्री आदि की खरीदारी की।
महेंद्रगढ़ व्यापार मंडल के प्रधान सुरेंद्र बंटी ने बताया कि धनतेरस पर शहर में करीब 5 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार हुआ है। इनमें सबसे अधिक कारोबार सराफा व बर्तन बाजार में रहा। सराफा बाजार का कारोबार 1.50 करोड़ रहा, जबकि वाहन का कारोबार एक करोड़ रुपये रहा। शहर के बर्तन बाजार में करीब 50 लाख, इलेक्ट्रॉनिक्स, फर्नीचर, कपड़ा व अन्य दुकानों में करीब दो करोड़ रुपये का कारोबार हुआ है।
सात जगहों पर पुलिस ने लगाए नाके
धनतेरस व दिवाली को लेकर लोगों की बाजारों में भीड़ रही। पुलिस की ओर से शहर में 7 स्थानों पर नाके लगाकर बड़े वाहनों को रोका गया, जिससे बाजार में लोगों को परेशानी नहीं हुई। शहर के रेलवे रोड, मसानी चौक, सर्राफा बाजार, कॉलेज रोड, ब्रह्मचारी रोड, ऑटो मार्केट के नजदीक, आईटीआई रोड पर पुलिस की ओर से नाके लगाकर बड़े वाहनों को रोका गया। वहीं बालाजी चौक, भगवान परशुराम चौक पर विशेष पुलिस कर्मचारियों की तैनाती की गई। इसके अलावा सदर थाना प्रभारी सेठी मलिक अपनी टीम के साथ बाजारों में गश्त पर रहे। चौपहिया व बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक के कारण दोपहिया वाहनों की शहर में अधिक भीड़ उमड़ी।
कनीना में मंगलवार को धनतेरस पर्व को लेकर बाजार में बर्तनों की दुकानें सजी रहीं। दिवाली के पर्व को महज दो दिन ही बाकी हैं और बाजार में रौनक आने लगी है। दुकानदार राकेश, पवन आर्य, अनिल गुप्ता, राजेश बंसल, सौरभ सिंगला का कहना है कि इस बार अच्छा कारोबार हुआ है। लोग भी पर्व को लेकर इस बार खुलकर खर्च कर रहे हैं। लोगों ने वाहन, जेवर और अन्य सामान की प्री बुकिंग भी की थी। सोने, चांदी के आभूषणों से लेकर बर्तन बाजार में अच्छा कारोबार हुआ है।