सीहमा। इस भीषण गर्मी में डेरोली जाट गांव में पिछले तीन दिनों से पीने के पानी की समस्या बनी हुई है। इसके चलते ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अधिकारियों को कई बार शिकायत देने के बाद भी गांव में सुचारू रूप से पानी नहीं पहुंच रहा। पानी नहीं आने का मुख्य कारण खातीवास से जो बिजली की लाइन आ रही है, उसको किसी वाहन ने तोड़ दिया। इससे जलघर में बिजली नहीं आ रही है।
बिजली निगम के एसडीओ सीहमा ने बताया कि कोई खंभा टूटने की वजह से लाइट नहीं आ रही है। निगम ने इसकी शिकायत पुलिस को दी है। पुलिस में एफआईआर होने के बाद हम उसका एस्टीमेट बनाएंगे व उसके बाद बिजली की लाइन सुचारू रूप से चालू हो पाएगी। गांव की बुजुर्ग महिला भतेरी देवी ने बताया कि नल तो लगे हुए हैं पर नल में जल नहीं है। तीन दिन से पानी नहीं आ रहा पशुओं को तो कहां से पानी पिलाएं, लोगों को पीने का पानी नहीं मिल रहा है। पानी के बिना गांव की बहुत बुरी हालत है। एक दो कुएं पुराने हैं। जहां से सिर पर मटके भरकर पानी लाना पड़ रहा है। गांव की महिला राजेश देवी, अनीता, मुन्नी देवी आदी ने बताया कि लगभग 20 वर्ष पहले इस तरह मटका सिर पर रखकर पानी लेकर के आते थे। आज हमें वह दिन याद आ रहे हैं। दोनों विभागों के लापरवाही की वजह से गांव में पानी की समस्या बनी हुई है।