महेंद्रगढ। लघु सचिवालय के प्रशासनिक भवन में लगे कैंप कार्यालय में उपायुक्त मोनिका गुप्ता ने 30 लोगों की समस्या सुनी। इनमें से ज्यादातर का मौके पर ही समाधान किया व शेष को अधिकारियों को जल्द से जल्द निपटाने के निर्देश दिए।
उपायुक्त मोनिका गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यहां पर मिलने वाली हर शिकायत को अधिकारी व्यक्तिगत रुचि लेकर दूर करें। शिकायतों के बारे में अपने अधीनस्थ कर्मचारियों से जानकारी लेते रहे ताकि अविलंब समस्या का समाधान किया जा सके। अधिकारी शिकायत का मौका मुआयना करने के बाद उसकी रिपोर्ट भिजवाना सुनिश्चित करें। राज्य सरकार के निर्देश पर हर मंगलवार को महेंद्रगढ़ के प्रशासनिक भवन में यह कैंप कार्यालय इसी उद्देश्य के लिए लगाया जाता है ताकि लोगों को नारनौल न जाना पड़े। उन्होंने कहा कि सामूहिक रूप से कार्य के लिए आने वाले नागरिकों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाए। अगर अधिकारी लोगों के साथ कनेक्ट रहेंगे तो उनकी समस्याओं को जल्द से जल्द दूर कर पाएंगे। अगर हम उनके कार्य जल्द से जल्द करेंगे तो कार्यालयों में भी अनावश्यक भीड़ नहीं आएगी।
जमीनी विवाद से संबंधित समस्याएं, रास्तों व नालियों की समस्याएं, बीपीएल राशन कार्डों से संबंधित, बिजली से संबंधित, कब्जे संबंधित, परिवार पहचान पत्र व पेंशन बनवाने संबंधित समस्याएं सुनी। इस मौके पर एसडीएम संजीव कुमार, एसईपीओ अशोक कुमार, एसईपीओ कृष्णपाल, एसईपीओ प्रवीन कुमार, कल्याण विभाग से एआरओ धर्मेंद्र, पीडब्ल्यूडी विभाग से एसडीओ कृष्ण कुमार, प्रदीप कुमार, विजेंद्र सिंह, बीरमा देवी, सुरेंद्र,अनीता सैनी आदि मौजूद रहे।