मंडी अटेली। संघर्ष समिति व ग्राम पंचायत तोबड़ा के रेल रोको आंदोलन की चेतावनी पर रेलवे डिप्टी चीफ राकेश सरसिया ने समिति को एक माह में अंडरपास निर्माण कार्य पूरा करने का आश्वासन दिया है। समिति ने रेल रोको आंदोलन व अनिश्चितकालीन धरने को 357वें दिन पर स्थगित कर दिया है।
संचालक डॉ. राजेन्द्र प्रसाद ने बताया कि महापंचायत के निर्णय अनुसार सामाजिक व राजनैतिक जनप्रतिनिधियों सहित धरनास्थल पर भारी संख्या में लोग शामिल हुए। धरने को बसपा नेता ठाकुर अतर लाल, भाग सिंह चेयरमैन, किसान संगठन एआईकेकेएमएस के जिला प्रधान बलबीर सिंह व जिला सचिव डॉ. व्रतपाल सिंह, पूर्व जिला प्रधान कामरेड अभय सिंह व सरपंच प्रतिनिधि तोबड़ा धीरज कौशिक ने रेलवे प्रशासन से ठोस तय सीमा निर्धारित करने की पुरजोर मांग की।
वक्ताओं ने कहा कि इस जनहित की मांग में पहले ही बहुत विलंब हो चुका है, इतना ही नहीं अंडरपास निर्माण कार्य पूरा नहीं होने का खामियाजा लोगों को अपनी जान देकर चुकाना पड़ रहा है। रेलवे अधिकारी डिप्टी चीफ राकेश सरसिया के आश्वासन पर समिति ने वीरवार को रेल रोको आंदोलन व जारी अनिश्चितकालीन धरना को स्थगित कर दिया है।
खरब ने दो साल से जारी इस आंदोलन व धरने में सभी सामाजिक, राजनैतिक, जन संगठनों व जन प्रतिनिधियों सहित कस्बे के नागरिकों व ग्रामीणों का समर्थन देने के लिए आभार जताया। साथ ही स्थानीय प्रशासन, रेलवे प्रशासन, उत्तर पश्चिम रेलवे के अधिकारियों का भी आभार व्यक्त किया। धरने पर सामाजिक कार्यकर्ता मास्टर सूबे सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता महावीर प्रसाद, हनुमान यादव, गजेन्द्र चौधरी, लोकेश चौधरी, राजेन्द्र पंच, कैलाश सेठ व बबलू शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे ।