महेंद्रगढ़। मानसून के आगमन से पहले जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने शहर की सीवरेज लाइनों की सफाई का काम शुरू कर दिया है। विभाग ने अलग-अलग क्षेत्रों में कर्मचारियों की टीमें लगाकर सफाई अभियान तेज कर दिया है। अधिकारियों का लक्ष्य है कि जुलाई माह के अंत तक पूरे शहर की सीवरेज व्यवस्था को साफ कर दिया जाए।
इस समस्या को लेकर अमर उजाला ने 11 जुलाई के अंक में प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी। इसके बाद विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सफाई कार्य शुरू कराया। विभाग ने 20 जुलाई तक करीब 50 प्रतिशत सीवरेज सफाई पूरी करने का लक्ष्य रखा है।
शहर के कई इलाकों में सीवरेज लाइनें लंबे समय से गाद, प्लास्टिक, पॉलीथिन और अन्य कचरे से भरी हुई थीं। बारिश के समय इन लाइनों के जाम होने से सड़कों, बाजारों और कॉलोनियों में जलभराव की समस्या पैदा होने की आशंका बनी रहती है। इसी को देखते हुए मुख्य सीवरेज लाइनों की सफाई चरणबद्ध तरीके से की जा रही है।
सफाई अभियान के दौरान मशीनों और कर्मचारियों की मदद से सीवरेज लाइनों के अंदर जमा गाद और कचरे को बाहर निकाला जा रहा है। बाहर निकाले गए कचरे का तुरंत निस्तारण भी किया जाएगा, ताकि वह दोबारा नालियों और सीवरेज में न पहुंचे।
शहरवासियों विनोद, प्रमोद, मनीष और रामचंद्र ने बताया कि समय पर सीवरेज की सफाई होने से बरसात में लोगों को काफी राहत मिलेगी। जलभराव कम होने से यातायात व्यवस्था बेहतर रहेगी और गंदे पानी से फैलने वाली बीमारियों का खतरा भी घटेगा।
वर्जन:
जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की ओर से सीवरेज लाइन की सफाई का कार्य शुरू कर दिया है। जुलाई अंत तक सभी लाइनें साफ हो जाएंगी। नागरिक व दुकानदार प्लास्टिक, घरेलू कचरा और निर्माण सामग्री सीवरेज लाइन या नालों में न डालें और सफाई में सहयोग करें।
-सतीश, जेई, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग महेंद्रगढ़
फोटो संख्या:58- श्रीगोशाला के सामने सुपर मशीन से सीवरेज की सफाई करते कर्मचारी--संवाद