फोटो 4रामनगर कॉलोनी में तोड़फोड़ करते जिला नगर योजनाकार की टीम।स्रोत डीटीपी
नारनौल। जिला नगर योजनाकार की टीम ने महेंद्रगढ़ रोड पर जेल के सामने रामनगर में 1.5 एकड़ भूमि में अवैध रूप से विकसित की जा रही कॉलोनी में निर्माण को ध्वस्त कराया। जिला प्रशासन की मदद से पुलिस बल की मौजूदगी में चार चहारदीवारी व तीन डीपीसी के साथ सभी कच्चे रास्ते उखाड़ दिए गए।
रामनगर में कुछ लोग बिना लाइसेंस और अनुमति के अवैध कॉलोनी विकसित कर रहे थे। साथ ही रोड नेटवर्क बिछाए जा रहे थे। इसकी जानकारी होने पर नगर योजनाकार की टीम ने कार्रवाई की।
जिला नगर योजनाकार अधिकारी ने लोगों से अपील की है कि नियंत्रित क्षेत्र में कोई भी निर्माण बिना विभागीय अनुमति के न करें। किसी भी अवैध कॉलोनी में कोई प्लाॅट डीलर्स के बहकावे में आकर न खरीदें और न ही अवैध निर्माण करें।
कोई भी प्लॉट खरीदने से पहले कॉलोनी की वैधता बारे व निर्माण करने से पूर्व नियमानुसार अनुमति लेने के बारे में जिला नगर योजनाकार कार्यालय नारनौल से किसी भी कार्यदिवस में पता किया जा सकता है।
जिला नगर योजनाकार ने बताया कि भविष्य में जिले में अन्य स्थानों पर विकसित की जा रही अवैध कालोनियों तथा अवैध निर्माण के खिलाफ कार्यवाही जारी रहेगी।