फोटो 3 गांव जैलाफ का कच्चा रास्ता।स्रोत:ग्रामीण
नारनौल। गांव जैलाफ के सामाजिक कार्यकर्ताओं व पंचायत प्रतिनिधियों ने जैलाफ से चिंडालिया तक जाने वाले मार्ग को पक्का बनाने और जर्जर गलियों और फिरनी मार्ग का निर्माण कराने की मांग मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंप कर की है।
ज्ञापन में बताया गया कि जैलाफ-चिंडालिया मार्ग दो गांवों को जोड़ने के साथ राजस्थान सीमा से सटे गांवों के लिए महत्वपूर्ण है। चिंडालिया गांव के विद्यार्थी इसी रास्ते से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जैलाफ जाते हैं। सड़क खराब होने से उन्हें परेशानी होती है।
ग्रामीणों ने कहा कि रास्ते के आसपास खेत होने के कारण महिलाओं को पशुओं के लिए हरा चारा लाने में भी कठिनाई होती है। उन्होंने मानसून से पहले मार्ग और गांव की सभी खस्ताहाल गलियों का निर्माण कराने की मांग की है।
ज्ञापन पर सामाजिक कार्यकर्ता छाजूराम रावत, छितरमल नंबरदार, पंचायत सदस्य मुकेश कुमार, तिलोक चंद भरगड़, कुलदीप, राजबाला और बनिता कुमारी के हस्ताक्षर हैं।