ट्रेन चलाने को लेकर ज्ञापन सौंपते दैनिक रेल यात्री संघ अटेली के सदस्य
- फोटो : Narnol
दैनिक रेल यात्री संघ अटेली की ओर से फुलेरा जाने वाली गाड़ी को जयपुर तक करने को लेकर रेलवे महाप्रबंधक के नाम स्टेशन मास्टर धर्मेंद्र यादव को ज्ञापन दिया। रेल यात्री संघ के प्रधान महीपाल यादव की अध्यक्षता में दिए ज्ञापन में बताया कि अटेली स्टेशन से जयपुर जाने वाले यात्री काफी संख्या में है।
स्टेशन 20 से 25 गांवों का केंद्र बिंदु है। सैकड़ों की संख्या में यात्री यहां से रेलवे में सफर कर रहे है। जयपुर के लिए सुबह सीधी गाड़ी न होने से यात्री बसों व अन्य वाहनों से जयपुर पहुंचते है। सुबह फुलेरा जाने वाली गाड़ी को जयपुर तक कर दिया जाए या फिर रींगस जंक्शन से जयपुर वाली गाड़ी का लिंक कर दिया जाए। इसी प्रकार जयपुर से सांय पांच बजे के करीब रेवाड़ी के लिए सीधी गाड़ी चलाई जाए। इसके अलावा सप्ताह में 3 दिन चलने वाली गाड़ी को नियमित किया जाए। ज्ञापन में अविलंब सभी मांग पुरी करने की बात कही गई। इस मौके पर बाबूलाल, सुंदरलाल, जगबीर भारती सहित अनेक दैनिक रेल यात्री संघ के सदस्य उपस्थित थे।