नारनौल। हरियाणा एजुकेशन मिनिस्टीरियल स्टाफ एसोसिएशन (हेमसा) की महेंद्रगढ़ इकाई ने जिला शिक्षा अधिकारी और अनुभाग अधिकारी को ज्ञापन सौंपा है। संगठन ने लिपिक वर्ग के लिए स्वीकृत तीन अतिरिक्त वेतन वृद्धि के मामलों का जल्द निपटारा करने की मांग की है।
हेमसा के प्रदेश सचिव अनिल कुमार, प्रदेश प्रवक्ता सुजान मालड़ा और जिला प्रधान कृष्ण फौजी ने अधिकारियों की ढिलाई पर रोष जताया। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा लिपिकों को तीन अतिरिक्त वेतन वृद्धि देने का पत्र काफी समय पहले जारी हो चुका है। हालांकि, स्थानीय अधिकारी इस पर कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।
संगठन के पदाधिकारियों ने जिला शिक्षा अधिकारी से अनुभाग अधिकारी को तुरंत कार्रवाई शुरू करने का आदेश देने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस मांग पर तुरंत अमल नहीं हुआ, तो संगठन उग्र आंदोलन करेगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी विभाग और संबंधित अधिकारियों की होगी। ज्ञापन सौंपते समय जिला शिक्षा अधिकारी और जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय के कर्मचारी मौजूद थे।