नारनौल। उत्तर-पश्चिमी रेलवे द्वारा गर्मियों की छुट्टियों में यात्रियों की सुविधा के लिए दिल्ली-बांद्रा टर्मिनस-दिल्ली विशेष ट्रेन का संचालन किया जा रहा है। नारनौल क्षेत्र के लोग रेवाड़ी जंक्शन से इस ट्रेन का लाभ उठा सकते हैं।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जन संपर्क अधिकारी कैप्टन शशि किरण के अनुसार ट्रेन नंबर 04005 दिल्ली-बांद्रा टर्मिनस रूट पर 6, 8 व 10 जून को दिल्ली से रात्रि 11.50 बजे रवाना होगी जो अगले दिन मध्य रात्रि 01.55 बजे बांद्रा टर्मिनस पहुंचेगी। इसी प्रकार गाड़ी संख्या 04006 बांद्रा टर्मिनस-दिल्ली रूट पर 8, 10, व 12 जून को बांद्रा टर्मिनस से सुबह 4 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 6 बजे दिल्ली पहुंचेगी। यह ट्रेन मार्ग में दिल्ली कैंट, गुरुग्राम, रेवाड़ी, सहित अलवर, जयपुर, अजमेर, फालना, आबूरोड, पालनपुर, गांधीनगर कैपिटल, अहमदाबाद, नडियाद, आणंद, वडोदरा, भरूच, सूरत व बोरीवली स्टेशनों पर ठहराव करेगी।
दिल्ली-बांद्रा-दिल्ली तक चलने वाली विशेष रेलसेवा का रेवाड़ी जंक्शन पर ठहराव
दिल्ली-बांद्रा टर्मिनस रूट पर ट्रेन नंबर 04005 छह, आठ व दस जून को दिल्ली से बांद्रा तक चलेगी। जिसका रेवाड़ी जंक्शन पर आगमन का समय मध्य रात्रि 01 बजकर 38 मिनट रहेगा। वहीं ट्रेन नंबर 04006 आठ,दस व 12 जून को बांद्रा से दिल्ली तक चलेगी। जिसका रेवाड़ी जंक्शन पर आगमन का समय सुबह 03 बजकर 55 मिनट रहेगा। इस रूट पर चलने वाली ट्रेन का रेवाड़ी जंक्शन पर ठहराव मात्र 2 मिनट का रहेगा।