महेंद्रगढ़। बार एसोसिएशन महेंद्रगढ़ के चुनावों को महज दो दिन का समय शेष है। चुनावों में 15 अधिवक्ताओं के मत का प्रयोग करने पर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। बुधवार को न्यायाधीश सोहनलाल मलिक के न्यायालय में इस मामले की सुनवाई की जाएगी।
चुनाव अधिकारी दलबीर शेखावत व सहायक चुनाव अधिकारी आलोक खैरवाल ने बताया कि हर बार महेंद्रगढ़ बार एसोसिएशन की ओर से जो चुनावी सूची भेजी जाती रही है वह पंजाब एवं हरियाणा बार काउंसिल बिना किसी आपत्ति के उसे स्वीकृति देती आई है। जिसके बाद चुनावी प्रक्रिया संपन्न कराई जाती है। लेकिन इस बार ऐसा नहीं हुआ। 31 अक्तूबर तक बार काउंसिल ने सभी अधिवक्ताओं के शपथ पत्र मांगे थे। महेंद्रगढ़ बार में 224 अधिवक्ताओं की फाइनल लिस्ट जारी हो चुकी है। जबकि 15 अधिवक्ताओं ने अपने शपथ पत्र जमा नहीं करवाए थे। 31 अक्तूबर तक शपथ पत्र जमा कराने अनिवार्य थे जिसका बार एसोसिएशन द्वारा नोटिस भी लगाया गया था। इन अधिवक्ताओं ने अपने शपथ पत्र जमा नहीं करवाए। जिसके कारण इनके नाम भी सूची में शामिल नहीं किए गए। इन सभी सभी अधिवक्ताओं ने न्यायाधीश सोहनलाल मलिक की अदालत में केस डाला हुआ जिसकी सुनवाई के लिए बुधवार की तारीख तय है। बुधवार को न्यायाधीश द्वारा दिए गए फैसले के बाद ही इनके मत का प्रयोग करने पर स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। उन्होंने बताया कि बार काउंसिल से भी पत्र आया हुआ है कि जिनके शपथ पत्र नहीं आए है उनका नाम न जोड़ें। न्यायाधीश द्वारा दिए गए फैसले के बाद ही आगामी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।