नारनौल। क्षेत्र में बढ़ते प्रदूषण के कारण ग्रैप 4 लागू है। क्षेत्र में कुछ दिनों से एक्यूआई स्तर 170 से 220 के बीच बना हुआ है। रविवार को क्षेत्र का एक्यूआई स्तर 175 दर्ज किया गया। शनिवार को एक्यूआई स्तर 216 दर्ज किया गया था।
ग्रैप 4 के दौरान क्षेत्र में कूड़ा जलाने, भवन निर्माण सहित अनेक ऐसे कार्य पर प्रतिबंध लगाया गया है जो प्रदूषण के स्तर को बढ़ाने में सहायक है। सभी प्रतिबंधित कार्य पर रोक लगाने के लिए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम द्वारा लगातार निरीक्षण किया जा रहा है।
गौरतलब है कि बुधवार को नगर पालिका नांगल चौधरी के अंतर्गत एक सड़क का निर्माण कार्य किया जा रहा था। इसको प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम द्वारा रुकवाया गया था। शुक्रवार को नगर पालिका नांगल चौधरी पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया था।
वहीं क्षेत्र में दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। लेकिन अधिक ठंड का अहसास लोगों को सुबह और शाम ही हो रहा है। दिसंबर का आगमन हो चुका है लेकिन ठिठुरन वाली ठंड नदारद है। मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से उत्तरी पर्वतीय इलाकों में केवल हल्की बर्फबारी ही हों रही है।
उन्होंने कहा कि संभावना है कि आगामी दिनों में क्षेत्र के लोगों को प्रचंड ठंड का सामना करना पड़े। संवाद