महेंद्रगढ़। खेत में पानी लगाने के लिए पाइप लाइन बदलने से गए किसान की करंट लगने से मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। इस सप्ताह में तीन किसानों की मौत हो चुकी है। दो किसानों की खेत में कीटनाशक का छिड़काव करते समय जहर के प्रभाव से मौत हो गई थी।
जानकारी अनुसार गांव रामबास (ढाणा) निवासी 46 वर्षीय किसान देवेंद्र मंगलवार को सुबह अपने खेत में फसल की सिंचाई के लिए फव्वारों की बदलने गया था। खेत के ऊपर से बिजली की लाइन गुजरती है। देवेंद्र के भतीजे कुलबीर ने बताया कि कुछ देर बाद वह जब खेत में पहुंचा तो उसने देखा कि उसके चाचा बेहोश पड़े हुए थे। पास में ही लोहे की पाइप पड़ी थी। करंट की चपेट में आने से उसके चाचा देवेंद्र बेहोश हो गए थे। कुलबीर ने बताया कि वह अपने चाचा को लेकर तुरंत अस्पताल पहुंची। महेंद्रगढ़ नागरिक अस्पताल पहुंचे। जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने कुलबीर के बयान पर इत्तेफाकिया कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया। मृतक अविवाहित था। पिछले दस दिन में तीन किसानों की मौत हो चुकी है। दो किसानों की कपास की फसल में कीटनाशक का छिड़काव करते समय जहर के प्रभाव से मौत हुई थी।