नारनौल। गांव ढाणी किरारोद और आसपास के पहाड़ी क्षेत्रों में तेंदुए की मौजूदगी की सूचना को लेकर उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार ने सभी विभागों को सतर्कता के निर्देश दिए हैं। गांव ढाणी किरारोद से सटी पहाड़ियों पर रविवार शाम लगभग 6:30 बजे एक तेंदुए को दौड़ते हुए देखा गया।
उपायुक्त ने पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिए हैं कि प्रभावित इलाकों में गश्त बढ़ाई जाए और ग्रामीणों के बीच सुरक्षा का भरोसा कायम करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। वन विभाग और वन्यजीव विभाग की टीमों को भी तुरंत मोर्चे पर लगा दिया गया है।
वहीं वन्यजीव निरीक्षक और डीएफओ को आदेश दिए गए हैं कि वे तेंदुए की लोकेशन को ट्रैक करें और उसे सुरक्षित तरीके से पकड़ने के लिए उचित रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू करें।
प्रशासन ने ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए विशेष रणनीति तैयार की है। जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं कि वे गांव के लोगों को सतर्क करें और पुलिस की मदद से गांव में ठीकरी पहरा शुरू करवाएं।
जिला प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे घबराएं नहीं बल्कि सतर्क रहें। रात के समय अकेले बाहर निकलने से बचें और बच्चों व पालतू पशुओं की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत स्थानीय प्रशासन या पुलिस को सूचित करें। फिलहाल प्रशासन की टीमें तेंदुए की गतिविधियों पर पैनी नजर बनाए हुए हैं।