नागरिक अस्पताल का निरीक्षण करते उपायुक्त अजय कुमार।
- फोटो : Narnol
नारनौल। डीसी अजय कुमार ने शनिवार को नागरिक अस्पताल नारनौल में कोविड-19 के संबंध में किए गए प्रबंधों का निरीक्षण किया। उन्होंने पटीकरा में बनाए गए डेडिकेटेड कोविड-19 सेंटर का भी दौरा किया।
उपायुक्त ने नागरिक अस्पताल नारनौल में बनाए गए आइसोलेशन सेंटर में दी जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने वेंटिलेटर सहित बेड और ऑक्सीजन के संबंध में सीएमओ से जानकारी ली। उपायुक्त ने स्वास्थ्य कर्मियों से भी बातचीत की। उन्होंने कहा कि जिले में हर रोज पॉजिटिव केस बढ़ रहे हैं। ऐसे में सभी तरह की तैयारियां पहले से ही पूरी होनी चाहिएं, ताकि आपात स्थिति में स्वास्थ्य सेवाएं सुचारु रूप से चल सकें। उपायुक्त ने नागरिक अस्पताल और निजी अस्पतालों में ऑक्सीजन उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फिलहाल जिले में ऑक्सीजन की किल्लत नहीं है। अगर कहीं कोई व्यक्ति इसकी कालाबाजारी करता मिल गया तो उसके खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन 24 घंटे स्थिति पर नजर रखे हुए है।
इसके बाद उपायुक्त ने पटीकरा में बनाए गए डेडिकेटेड कोविड-19 सेंटर के निरीक्षण के दौरान वहां पर मौजूद स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में जानकारी ली। सीएमओ ने बताया कि कुल 200 बेड मौजूद हैं। फिलहाल कोरोना वायरस के 16 मरीज भर्ती हैं। इनमें पांच मरीज ऑक्सीजन पर हैं। उन्होंने सीसीटीवी के जरिये भर्ती मरीजों को दी जा रही सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशोक कुमार के अलावा अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।
रेस्टोरेंट में बैठकर नहीं खा सकते खाना
उपायुक्त अजय कुमार ने एक आदेश जारी कर सभी दुकानदार व मॉल मालिकों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे सरकार द्वारा निर्धारित समय पर अपनी दुकानों को बंद करें। आदेशों में कहा गया है कि शाम छह बजे के बाद आवश्यक सेवाओं की दुकानें व प्रतिष्ठान को छोड़कर कोई भी दुकान खुली नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि रेस्टोरेंट आदि में बैठकर खाना खाने की व्यवस्था नहीं होनी चाहिए। होम डिलिवरी व वहां से खाना ले जाने की ही व्यवस्था रखें। सभी नागरिकों को रात 10 से सुबह पांच तक लगाए गए नाइट कर्फ्यू का पालन करना है। जिले में अधिकारी 24 घंटे औचक निरीक्षण कर रहे हैं। सरकार द्वारा जारी की गई गाइड लाइन का पालन सुनिश्चित करने में लगे हुए हैं।