महेंद्रगढ़। प्रशासनिक भवन में मंगलवार को लगाए गए शिविर में उपायुक्त ने लोगों की शिकायतें सुनीं। उपायुक्त के समक्ष लगभग 44 शिकायतें रखी गई थीं जिनमें से ज्यादातर को मौके पर ही निपटाया गया। उपायुक्त के समक्ष मुख्य रूप से बिजली, ट्यूबवेल कनेक्शन, बिजली कट, पानी, राशन, बीपीएल कार्ड, बुढ़ापा पेंशन से संबंधित समस्याएं रखी गईं थी। डीसी ने इन सभी शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को भेजते हुए जल्द से जल्द समस्या को दूर करने के निर्देश दिए।
खराब गेहूं भेजने का आरोप
भीगा व खराब बदबूदार गेहूं राशन डिपो पर पहुंचने के कारण होल्डरों ने उपायुक्त अजय कुमार को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में उन्होंने वेयर हाउस मैनेजर पर धमकाने का आरोप भी लगाया। राजकुमार मालड़ा, भवानी दत्त शर्मा जाट, महाबीर प्रसाद डुलाना, भुवनेश्वर शर्मा, अंजू अग्रवाल ने आरोप लगाया कि वेयर हाउस में गेहूं को पहले भिगोया जाता है और फिर उसे डिपो पर भेज दिया जाता है। उन्होंने उपायुक्त से मांग की है कि एक बार वेयर हाउस का दौरा कर वे इस पर संज्ञान लें। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी वे प्रशासन को इस बारे में अवगत करवा चुके, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई है। डिपो होल्डरों ने कहा कि उनको 2020 अप्रैल से नवंबर 2020 तक राशन वितरण का कमीशन आज तक नहीं मिला है।
चिकित्सक की नियुक्ति के लिए उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन:
समाज सेविका पारुल यशवंत राव ने उपायुक्त को मंगलवार को अपनी मांग का ज्ञापन सौंपा। उन्होंने एलएमओ डॉ. सुमन की प्रति नियुक्ति को सिविल अस्पताल नारनौल से रद्द करके सीएचसी नांगल सिरोही में रेगुलर लगवाने की मांग की है। पारुल ने बताया कि नांगल सिरोही सीएचसी सेंटर के अंतर्गत 44 गांव आते हैं। सभी नांगल सिरोही में इलाज हेतु आते हैं। यहां जो महिला विशेषज्ञ के रूप में एलएमओ डॉक्टर कार्यरत है वो महीने में केवल एक दिन यहां बैठती है। उन्होंने एलएमओ डॉक्टर को नांगल सिरोही सीएचसी सेंटर पर स्थायी तौर पर बैठाए जाने की मांग की है।
सब डिपो में पुलिस चौकी स्थापित करने की मांग
हरियाणा रोडवेज सब डिपो महेंद्रगढ़ में पुलिस चौकी स्थापित किए जाने को लेकर रामनिवास पाटोदा ने उपायुक्त अजय कुमार को ज्ञापन सौंपा। पाटोदा ने बताया कि महेंद्रगढ़ शिक्षा का हब बना हुआ हैं। गांवों से हजारों की संख्या में विद्यार्थी पढ़ने के लिए आते हैं। कई बार बस स्टैंड पर आए दिन जेबकतरों और शरारती तत्वों की वारदात होती रहती हैं। जिससे महिलाओं और लड़कियों को परेशानी होती है। ज्यादातर लड़कियों को इन वारदात के चलते अपनी पढ़ाई भी छोड़नी पड़ रही है। ऐसे में बस स्टैंड पर पुलिस चौकी होनी अति आवश्यक है।
गांव जांटवास में पेयजल की समस्या
गांव जांटवास के पीने के पानी की समस्या के समाधान को लेकर ग्रामीणों ने उपायुक्त अजय कुमार को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीण सुरजभान, सुनीता देवी पंच, बाबूलाल, प्रकाशवीर, मुकेश कुमार, सुरेंद्र, महिपाल ने बताया कि गांव में पानी की भारी किल्लत है, जिसके समाधान के लिए ग्रामीवासी बार-बार अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्या रख चुके हैं। 23 जून को वे जनस्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता से मिले थे। जिस पर अधिकारी ने उन्हें आशवस्त किया था की 25 जून को नहर आने पर गांव की समस्या हल हो जाएगी। परंतु लगभग 20 दिन बीत जाने के बाद भी उन्हें एक दिन छोड़कर एक दिन 15-20 मिनट पानी मिल रहा है।
दीवान कॉलोनी निवासी मिले उपायुक्त से
दीवान कॉलोनी का रेलवे रोड से मुख्य रास्ते को प्रांतीय सरकार से नगर पालिका महेंद्रगढ़ के नाम रेवेन्यू रिकॉर्ड में मलकीयत दर्ज करवाने के लिए कॉलोनीवासी ने उपायुक्त अजय कुमार को ज्ञापन सौंपा। कॉलोनी प्रधान सूबे सिंह, रामचंद्र तायल, राजेंद्र भारद्वाज, नरेंद्र गोयल, संसार चंद, जगदेव यादव, महेंद्र सिंह तंवर, शिवम जांगड़ा ने बताया कि यह कॉलोनी हरियाणा सरकार द्वारा अप्रवूड कॉलोनी है। इस कॉलोनी में लगभग 150 घर हैं। कार्रवाई के लिए 2 मार्च को महेंद्रगढ़ खुले दरबार में पहले भी दिया था। कॉलोनीवासी ने बताया कि इस मुख्य रास्ते कि मलकीयत प्रांतीय सरकार से नगर पालिका के नाम रेवेन्यू रिकॉर्ड में दर्ज करवाया जाए ताकि कॉलोनीवासी को भविष्य में कोई परेशानी न हो।
वार्ड 11 की वोटर लिस्ट सही करने की मांग
नगर पालिका के वार्ड 11 की वोटर लिस्ट की नामावली 2021 को सही किए बिना प्रकाशन पर रोक लगाने को लेकर उपायुक्त को मांग पत्र सौंपा। पार्षद नरेंद्र खन्ना ने बताया कि हरियाणा निर्वाचन आयोग ने राज्य के नगर पालिका की मतदाता सूचियों में संशोधन के लिए 9 जुलाई से 18 अगस्त निर्धारित की है। पिछली 2 योजना से वह निर्वाचित पार्षद रहा है। उसके वार्ड 11 में लगभग 100 से 150 वोट बाहर क्षेत्र के जुडे़ हुए हैं। इन वोटों पर उन्हें आपत्ति है। उन्होंने मांग की कि जब तक निष्पक्ष तथा नियमानुसार मतदाता सूची तैयार नहीं हो जाती तब तक सूची को जारी करने पर रोक लगाई जाए।
पंचायती राज चुनावों में पिछड़ा वर्ग-बी के लिए भी मांगा आरक्षण
मंगलवार को यादव सभा का एक शिष्टमंडल सभा के प्रधान डॉ. प्रेमराज यादव की अगुवाई में उपायुक्त अजय कुमार से मिला और पंचायती राज चुनावों में पिछड़ा वर्ग बी को भी आरक्षण दिए जाने के संबंध में यादव सभा की तरफ से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। हरियाणा युवा यादव महासभा के जिला कार्यकारी अध्यक्ष अनिल भगड़ाना ने बताया कि वर्तमान प्रदेश सरकार ने पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव में पिछड़ा वर्ग-ए हेतु आरक्षण का प्रावधान किया है जोकि स्वागत योग्य है लेकिन न जाने किस मंशा के तहत प्रदेश के कमेरे वर्ग में शुमार पिछड़ा वर्ग-बी जिसमें अहीर, गुर्जर, सैनी और मेव शामिल है को इस आरक्षण का लाभ नहीं दिया गया जबकि आरक्षण की प्रत्येक व्यवस्था में संपूर्ण पिछड़ा वर्ग को सामूहिक आरक्षण दिए जाने का प्रावधान है।
बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कर्मचारियों ने एस्मा हटवाने की मांग की:
बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कर्मचारी एस्मा एक्ट के तहत चल रहे केस खारिज करवाने के लिए उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने एस्मा एक्ट के मुकदमा हटवाने की अपील की। उन्होंने बताया कि बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कर्मचारी एसोसिएशन हरियाणा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष मुकेश चौहान, पूर्व जिला अनिल रसुलपुरिया, पूर्व जिला प्रधान धर्मबीर, पूर्व जिला सचिव बलजीत पर एस्मा के तहत मुकदमा चल रहा है जो 27 अगस्त 2018 से 20 सितंबर 2018 तक स्वास्थ्यकर्मियों ने अपनी मांगों के समर्थन हड़ताल की थी। उस दौरान महेंद्रगढ़ के इन उपरोक्त चारों स्वास्थ्यकर्मियों पर एस्मा एक्ट के तहत एफआईआर नंबर 466 जो 9 सितंबर 2018 को दर्ज की गई थी। जिसका केस कोर्ट में चल रहा है। सभी स्वास्थ्यकर्मियों ने उपायुक्त से मिलकर उन पर लगा एस्मा हटवाने की अपील की है।
डाक कर्मचारी नियुक्त किए जाने की माग की
गांव ढाढोत के ग्रामीणों ने मंगलवार को उपायुक्त को डाकखाने में डाक कर्मचारी नियुक्त करने के लिए मांग पत्र सौंपा। ग्रामीण केहर सिंह, छोटूराम, धर्मपाल, बहादुर सिंह मुकेश कुमार आदि ने बताया कि गांव ढाढोत में डाकखाने में कर्मचारी नहीं है। जिस वजह से बुढ़ापा पेंशन वितरण में देरी हो रही है। उन्होंने उपायुक्त से जल्द से जल्द कर्मचारी की नियुक्ति किए जाने की मांग की है।