उपायुक्त राजनारायण कौशिक ने शनिवार को लघु सचिवालय नारनौल से वित्तीय जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस वाहन में फ्लैक्स के माध्यम से बहुत ही आसान तरीके से कैश लेस की विभिन्न पद्धतियों के बारे में दिखाया जा रहा है। इसके अलावा विभिन्न बैंकों के कैश लेस एप्पस की जानकारियां दी गई हैं।
इससे पहले जिला, खंड व गांव स्तर पर इस प्रकार के कई सेमिनार आयोजित किए गए है। इसके अलावा हरियाणा राज्य का प्रथम डिजिधन मेला भी नारनौल शहर में लगाया गया। जिसमें समाज के समस्त वर्गों को कैशलेस पद्धति को अपनाने के लिए प्रशिक्षित किया गया।
इस अवसर पर उपायुक्त ने बताया कि यह वैन जिले के समस्त 346 गांवों में जाकर कैश लेस बारे प्रचार-प्रसार करेगी।
जिस किसी भी व्यक्ति ने अभी तक अपना आधार कार्ड नहीं बनवाया है तथा ना ही किसी बैंक में खाता खुलवाया है, वे इस वैन के माध्यम से मौके पर ही अपना आधार कार्ड बनवा सकते हैं तथा साथ ही बैंक में खाता भी खुलवा सकते हैं। इस प्रकार की सुविधा इस वैन में की गई हैं।
उपायुक्त ने पर बताया कि आज के युग में कैश लेस व इंटरनेट बैंकिंग आवश्यकता बन चुकी है।
इसको अपनाना बहुत ही आसान है। इसके माध्यम से बैंकों के चक्कर काटने से निजात मिल जाती है तथा कोई भी व्यक्ति अपने घर बैठे ही किसी भी प्रकार का लेन-देन कर सकता है। कैश लेस योजना को बढ़ावा देने के लिए अतिरिक्त उपायुक्त नारनौल को जिला स्तरीय नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
वहीं प्रत्येक खंड में संबंधित खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी को खंड स्तरीय नोडल अधिकारी बनाया गया है जोकि इस योजना के सफल किर्यान्वयन के लिए जिला प्रशासन के बीच कड़ी का काम करेंगे। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त राजेश जोगपाल के अलावा मुख्य अग्रणी बैंक प्रबंधक श्रवण देव पाठक, डीआरडीए से गोविंद राम शर्मा, जिले के समस्त बैंकर्स, अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।