फोटो संख्या:66- माता मसानी मेले में साामन खरीदती महिलाएं--संवाद
महेंद्रगढ़। महेंद्रगढ़ के मसानी चौक पर बुधवार सुबह चार बजे से माता मसानी के मेले में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। क्षेत्र के 105 गांवों में माता मसानी की मान्यता के चलते श्रद्धालुओं ने माता मंदिर में दही-चावल का प्रसाद चढ़ाकर परिवार की खुशहाली की कामना की।
सुबह चार बजे से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। महेंद्रगढ़ जिलेभर में इस प्राचीन मेले की धार्मिक आस्था के चलते श्रद्धालुओं की संख्या हर साल बढ़ती जा रही है।
गोशाला रोड, सिनेमा रोड से मसानी चौक, बुचौली रोड, गोशाला रोड को चारों ओर से बंद कर दिया गया। बड़े वाहनों की आवाजाही पर रोक रही। मुख्य चौक-चौराहों पर पुलिस कर्मचारियों की तैनाती रही। इसके साथ-साथ लोगों को सुरक्षा के लिए दमकल विभाग की गाड़ी भी मौके पर खड़ी रही। शाम के समय ढफ मंडलियों में लिसान, गहली, नेहरूगढ़ जिला रेवाड़ी, भुरथला, जुड्डी, सिहोर, भड़फ व कोटिया से टीमें पहुंची। टीमों के बीच देर रात तक प्रतियोगिता चली। प्राचीन परंपरा के अनुसार विजेता टीम को गुड़ की भेली व नकद पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया जाता है। रात्रि जागरण में पूर्व विधायक राव दान सिंह मुख्यातिथि रहे। वहीं हरिशंकर शर्मा की भजन पार्टी ने सुंदर भजनों के माध्यम से माता की महिमा का गुणगान किया।
माता मसानी मेला कमेटी द्वारा बासौड़ा पर्व पर मेले का आयोजन किया गया। प्राचीन समय में स्थापित मंढी के स्थान पर श्रद्धालुओं द्वारा मंदिर का निर्माण कराया है। महिलाएं बासौड़ा पर्व पर बनाए गए पकवानों का भोग लगाकर माता की पूजा करके अपनी मन्नते पूर्ण करने की कामना करती हैं।