राजस्थान सीमा के साथ लगते हरियाणा के गांव दनचौली के बार्डर पर स्थित एक शराब ठेके से कुछ लुटेरों ने सेल्समैन को बंदी बनाकर करीब 65 पेटी अंग्रेजी शराब व 20 बीयर की पेटियां लूट ली।
लूट की सूचना ठेका संचालक ने सदर थाना नारनौल को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया और अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कार्यवाही शुरू कर दी है। ठेका संचालक अंकुश गोयल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि राजस्थान बार्डर के समीप गांव दनचौली में गौरी रास्ते पर उनका शराब का ठेका है। शुक्रवार रात को सेल्समैन राजपाल दनचौली निवासी शराब के ठेके में सो रहा था। इसी बीच कुछ लुटेरे पिकअप गाड़ी लेकर आए ओर ठेके के गेट पर लगे ताले को तोड़ते अंदर घुस गए और सेल्समैन को बंदी बनाने के साथ ही जान से मारने की धमकी देते हुए कुल 85 अंग्रेजी शराब व बीयर की पेटी लेकर फरार हो गए। मौके पर पहुंचे सदर थाना से एएसआई रमेश ने बताया कि गांव दनचौली में एक शराब के ठेके में चोरी की जानकारी मिलने पर मौका मुआयना कर लिया है। मामले की तफ्तीश जारी है।