धनौंदा गांव में गोली मारकर युवक की हत्या करने मामले में पुलिस की चार टीमें जहां आरोपियों की धर पकड़ के लिए छापामारी कर रही है, वहीं एसपी हामिद अख्तर ने किसी भी स्थिति से निपटने के लिए गांव में पुलिस फोर्स तैनात कर दी है। अब हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक पुलिस गांव में तैनात रहेगी। इस मामले में डीएसपी महेश कुमार भी नजरें रखे हुए हैं।
गांव के सरपंच विक्रम सिंह और उसके साथियों ने शनिवार सांय को विनोद उर्फ भाता और उसके साथी मंजीत को गोली मार दी थी। इसमें विनोद की मौत हो गई थी, जबकि मंजीत गंभीर घायल हो गया था। उसका पीजीआई रोहतक में उपचार चल रहा है, जहां उसकी हालत में सुधार बताया जा रहा है। इस मामले के आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीमें गठित की गई है, जो विभिन्न ठिकानों पर छापामारी कर रही है। गांव में सुरक्षा और शांति बनाए रखने के लिए पुलिस के 50 जवान तैनात हैं। मामले में ड्यूटी मजिस्ट्रेट कनीना के बीडीपीओ ओमप्रकाश को नियुक्त किया गया है।
पुलिस कप्तान हामिद अख्तर के निर्देशन में पुलिस टीमें आरोपियोें की गिरफ्तारी के लिए छापामारी कर रही हैं। मंगलवार को गांव में पुलिस फोर्स मुस्तैद रही। डीएसपी महेश शर्मा गांव में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए पल-पल की जानकारी ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस मामले में ड्यूटी मजिस्ट्रेट ओमप्रकाश बीडीपीओ ने भी सांय के समय गांव का दौरा किया।