जिले की सभी सड़कों को दुरुस्त करने के लिए युद्धस्तर पर काम किया जाएगा। बारिश के सीजन से पहले-पहले सड़कों की मरम्मत करा दी जाएगी जिससे लोगों को आवागमन में कोई परेशानी न हो। ये बातें उपायुक्त संजीव वर्मा ने मंगलवार को लघु सचिवालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कही। डीसी ने बताया कि पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक करके जिले में सड़कों पर चल रहे कार्य तथा होने वाले कार्यों की जानकारी ली जा चुकी है। इस संबंध में संबंधित एसडीएम को सड़कों के सैंपल भरवाकर श्रीराम लैब में भिजवाने के निर्देश दिए गए हैं।
सभी सड़कों पर अच्छी गुणवत्ता की सामग्री लगाई जाएगी। उन्होंने कहा कि शहर को पूरी तरह से अतिक्रमण मुक्त करवाएंगे। सड़कों पर डिवाइडर बनवाने की कार्य योजना तैयार की जाएगी। सफाई पर पहले ही नप अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए जा चुके हैं। उपायुक्त ने कहा कि पानी की बर्बादी रोकने के लिए पंचायतों व आमलोगों के साथ मिलकर लोगों को जागरूक करने का अभियान चलाएंगे। जिले में पर्यावरण की पालना के लिए आमजन की एक कमेटी बनाई जाएगी ताकि उनसे मिलकर प्रभावशाली तरीके से निपटा जा सके। वर्मा ने कहा कि जिले के सभी ऐतिहासिक स्थलों का दौरा करके एक कार्ययोजना बनाएंगे।उनका प्रयास होगा कि यहां पर ज्यादा से ज्यादा संख्या में भ्रमणकारी आएं। इसके लिए टूरिज्म विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।
डीसी ने कहा कि जिले में अस्पतालों में खाली पदों के लिए मुख्यालय को अवगत करवाया गया है। उनका प्रयास है कि सभी प्रकार के पद जल्द भरे जाएं ताकि लोगों को उचित समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हों। इस मौके पर एसडीएम कनीना संदीप सिंह भी मौजूद थे। संदीप सिंह ने भी कनीना में पालीथिन फ्री करने के लिए चलाए गए अभियान के बारे में दी।