कनीना (महेंद्रगढ़)। बदमाशों की गेली से बृहस्पतिवार रात सीआईए पुलिस का एक सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल सिपाही को साथी स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर आए, परंतु वहां डॉक्टर के न होने के कारण वे उसे रेवाडी ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। घायल सिपाही रवींद्र कुमार को गुड़गांव के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
डॉक्टर गैंग के सदस्य अनिल शर्मा उर्फ खड्डा पुत्र रामकिशन उर्फ रामौतार उर्फ रामू वासी छिथरोली को सीआईए टीम नारनौल सदर थाना में दर्ज मामले में वांछित होने के कारण गिरफ्तारी के लिए छिथरोली पहुंची थी। डीएसपी कनीना ताहिर हुसैन ने बताया कि सीआईए नारनौल की एक टीम एएसआई बलवंत सिंह के नेतृत्व में अनिल उर्फ खड्डा को गिरफ्तार करने आई थी। अनिल उर्फ खड्डा नारनौल थाना में 26 मार्च 2015 को दर्ज एक केस में वांछित है।
खुद को घिरा देख अपने चार पांच साथियों के साथ अनिल खड्डा ने फायरिंग शुरू कर दी। आरोपियों की चलाई एक गोली से कांस्टेबल रवींद्र गंभीर रूप से जख्मी हो गया। अंधेरे में आरोपी अनिल खड्डा और उसके साथी मौके से भाग गए। सीआईए टीम प्रभारी बलवंत सिंह की शिकायत पर अनिल खड्डा, अनिल कुमार पुत्र प्रताप सिंह, जितेंद्र पुत्र बिजेंद्र सिंह, धर्मेंद्र पुत्र हरीश, धर्मेंद्र पुत्र रामकुमार, अनिल उर्फ ताऊ पुत्र कंवर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है।