गांव छापड़ा सलीमपुर की पंचायत भूमि पर अवैध कब्जा होने के कारण पट्टे पर बोली छोड़ने की कार्यवाही स्थगित हो गई। इसके चलते ग्राम पंचायत ने निर्णय लिया कि कब्जाधारकों को नोटिस देकर जमीन को मुक्त करवाई जाए। इसके लिए ग्राम पंचायत ने एक प्रस्ताव पारित कर खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी तथा जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी को पत्र भेजा है। प्रशासन के नियम अनुसार ग्राम पंचायत ने पंचायती जमीन की बोली छोड़ने का कार्य दो रोज पूर्व किया था ताकि बोली छोड़कर बोलीदाताओं को काश्त के लिए भूमि दी जाए, लेकिन बोलीदाताओं के विरोध के कारण बोली नहीं छूट पाई।
बोलीदाताओं का कहना था कि बोली की राशि एक साथ पूरी जमीन की अदा करनी पड़ती है बावजूद इसके बोलीदाताओं को जमीन काश्त के लिए कम मिल पा रही है। गांव की सरपंच रामरती ने बताया कि बोली छोड़ने से पहले पंचायती भूमि पर अवैध कब्जा करने वाले लोगों को चौकीदार के माध्यम से ग्राम सभा में बुलाने का कार्य किया गया था, लेकिन कब्जा धारक बोली में नहीं पहुंचे इसलिए पंचायत द्वारा उनको नोटिस भेजकर कार्यवाही की जाएगी। इसके लिए ग्राम पंचायत ने प्रस्ताव पारित कर अधिकारियों को भी अवगत करा दिया है। डीएस प्रधान ओमप्रकाश छापड़ा ने बताया कि पंचायती भूमि पर कई सालों से कब्जा किया हुआ है बोलीदाताओं को बोली की राशि पूरी अदा करने के बावजूद उन्हें पूरी जमीन नहीं मिल पाना एक चिंता का विषय है।