नारनौल पुलिस जिले के गांव खैरोली निवासी मोस्ट वाटेंड इनामी बदमाश वीरेंद्र उर्फ झूथर को दिल्ली से प्रोटेक्शन वारंट पर लेकर आई है। उक्त बदमाश को दिल्ली पुलिस ने छह जनवरी को गिरफ्तार किया था। इसके बाद से ही स्थानीय पुलिस इसको प्रोडेक्शन वारंट पर लाने का प्रयास कर रही थी। इस मोस्ट वांटेड इनामी बदमाश के खिलाफ जिले में हत्या और हत्या की कोशिश के करीब आधा दर्जन मुकद्दमे दर्ज हैं। पुलिस ने इसे सोमवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से इसे 7 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार इस बदमाश पर डीजीपी हरियाणा ने 5 लाख का इनाम घोषित किया हुआ था। वहीं वीरेंद्र का एक साथी विक्रम उर्फ पपला अभी फरार है। 16 नवंबर को पुलिस महानिरीक्षक रेवाड़ी ममता सिंह ने एक स्पेशल टीम गठित की थी। टीम को दोषी वीरेंद्र दिल्ली में कहीं छुपा होने की सूचना मिली। इस पर टीम ने दिल्ली पुलिस की स्पेशल क्राइम ब्रांच को भी सूचित किया था।
छह जनवरी को दिल्ली पुलिस ने किया था गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस को 6 जनवरी को गुप्त सूचना मिली की यह जेतपुर कालंदी कुंज चौक रोड मदनपुर दिल्ली के पास है और एक वैगनार गाड़ी से कही जा रहा है। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने दोषी की गाड़ी को रुकवाकर पकड़ने की कोशिश की तो वह पुलिस कर्मचारियों के साथ हाथापाई व मारपीट करके भागने लगा, लेकिन पुलिस ने उसे मौके पर ही काबू कर लिया तथा उसकी तलाशी ली गई। तलाशी में दोषी के पास से दिल्ली पुलिस को एक रिवाल्वर व 6 गोली बरामद हुई। इसके खिलाफ दिल्ली पुलिस ने अलग से मुकद्दमा दर्ज किया है।
सीआईए पुलिस ने लिया प्रोडेक्शन वारंट पर
सीआईए पुलिस नारनौल ने उक्त मुलजिम को जिला महेंद्रगढ़ का मुलजिम होने पर प्रोडेक्शन वारंट पर लिया है। इसे सोमवार को एमजेड खान की कोर्ट में पेश किया। जहां कोर्ट ने आरोपी को 7 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
पांच हत्याओं के मामले हैं दर्ज
ज्ञात रहे की यह मुलजिम जिला महेंद्रगढ़ का मोस्ट वांटेड अपराधी है। इसने 31 मार्च 2014 को महेश पुत्र राम वासी बिहारीपुर, 23 दिसंबर 2014 को संदीप पुत्र ग्यारसी लाल वासी खेरोली, 20 अगस्त 2015 को बिमला पत्नी ग्यारसी वासी खेरोली और 15 नवंबर 2015 को श्रीराम पुत्र गणेशी राम वासी बिहारीपुर की हत्या करने में शामिल रहा है। पुलिस जल्द ही अन्य मुलजिमों को भी गिरफ्तार करेंगी।